क्रिकेट खेल रहे युवक पर फायरिंग 

Spread the love

क्रिकेट खेल रहे युवक पर फायरिंग

 

रूद्रपुर  कोतवाली क्षेत्र के रम्पुरा इलाके में क्रिकेट खेल रहे युवकों पर पुरानी रंजिश के चलते जानलेवा हमला करने का मामला सामने आया है। दबंगों ने गाली- गलौज करते हुए न केवल जान से मारने की धमकी दी, बल्कि दहशत फैलाने के लिए तमंचे से फायर भी झोंक दिया। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।वार्ड संख्या 23 रम्पुरा निवासी शिवम कोली पुत्र बुद्धपाल ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि कुछ समय पहले उसका कृष्णा गुप्ता, मोहित, काशी और अगम के साथ किसी बात को लेकर विवाद हो गया था। इसी रंजिश को पालते हुए 19 जनवरी की शाम करीब 5 बजे जब शिवम अपने साथी इसान, शिवा और रवि के साथ नेतानी वाली गली के पास स्थित ग्राउंड में क्रिकेट खेल रहा था, तभी आरोपी वहां आ धमके। आरोप है कि वार्ड संख्या 21 निवासी मोहित मौर्य पुत्र रतलाल, कृष्णा गुप्ता पुत्र सुभाष गुप्ता और अगम पुत्र पप्पू गुप्ता ने एकराय होकर शिवम को घेर लिया और गाली-गलौज शुरू कर दी।विवाद बढ़ने पर आरोपियों ने उसे जान से मारने की धमकी दी। इसी बीच मोहित ने अपने पास छिपाकर रखा तमंचा निकाला और शिवम पर निशाना साधते हुए फायर कर दिया। शिवम ने दूसरी तरफ कूदकर बामुश्किल अपनी जान बचाई। सरेराह हुई इस फायरिंग से खेल के मैदान में अफरा-तफरी मच गई और आरोपी मौके से फरार हो गए। पीड़ित ने कोतवाली पुलिस को तहरीर देकर आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने संबंधित धाराओं में अभियोग पंजीकृत कर लिया है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों की तलाश के लिए दबिश दी जा रही है और जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।


Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *