*गणतंत्र दिवस पर्व के सतरंगी रंगों में रंगा दिल्ली पब्लिक स्कूल*
दिल्ली पब्लिक स्कूल, रुद्रपुर के प्रांगण में 77 वें गणतंत्र दिवस का उत्सव बड़े हर्षोल्लास और देशभक्ति की भावना के साथ मनाया गया। विद्यालय के निदेशक श्री सुरजीत सिंह जी के कुशल मार्गदर्शन में इस भव्य आयोजन में छात्रों, शिक्षकों, अभिभावकों और गणमान्य अतिथियों ने भाग लिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय प्रांगण से हुआ, जहां विशिष्ट अतिथि श्रीमती शिल्पी गोयल, पत्नी श्री जयकिशन, उपाध्यक्ष, जिला विकास प्राधिकरण, उधम सिंह नगर तथा श्रीमती रितु उपाध्याय, पत्नी श्री पंकज उपाध्याय, अतिरिक्त जिला अधिकारी ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया। यह क्षण गर्व और सम्मान से भरपूर था, जिसमें “जय हिंद” के गगनभेदी नारों तथा राष्ट्रगान ने वातावरण को देशभक्ति से ओत-प्रोत करने के साथ ही सभी को एकता के सूत्र में बांध दिया।
इसके पश्चात छात्रों द्वारा प्रस्तुत परेड ने अनुशासन और समर्पण की अद्भुत झलक पेश की। कदम से कदम मिलाते बच्चों के तालमेल ने सभी दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। परेड समाप्त होने के बाद सभी सभागार की ओर बढ़े, जहां सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए गए।
सभागार में कार्यक्रम की शुरुआत स्वागत भाषण से हुई, जिसने पूरे दिन की गतिविधियों की नींव रखी। इसके बाद छात्रों ने देशभक्ति गीत प्रस्तुत किया, जिसने सभी के दिलों में देशप्रेम की भावना जगा दी।
विद्यालय के प्रधानाचार्य महोदय ने सभा को संबोधित करते हुए गणतंत्र दिवस के महत्व और संविधान के मूल्यों पर प्रकाश डाला। उनके प्रेरणादायक भाषण ने छात्रों को अपने कर्तव्यों को निभाने के लिए प्रेरित किया।
इस अवसर पर छात्रों ने शास्त्रीय नृत्य प्रस्तुत किया, जो भारत की समृद्ध सांस्कृतिक धरोहर का प्रतीक था। हिंदी भाषण ने स्वतंत्रता सेनानियों के संघर्षों और बलिदानों का स्मरण कराने के साथ ही विश्व पटल पर भारत के बढ़ते प्रभुत्व से सभी को अवगत कराया।
छात्रों द्वारा प्रस्तुत योग ने अनुशासन, संगठन और शारीरिक एवं मानसिक रूप से स्वस्थ रहने का संदेश दिया। मार्मिक कविता ने दर्शकों को भावविभोर कर दिया।
छात्रों द्वारा प्रस्तुत मनमोहक नृत्य नाटिका ने हमारे देश की “विविधता में एकता” को दर्शाया।
विशिष्ट अतिथि श्रीमती शिल्पी गोयल ने अपने भाषण में लोकतंत्र , न्याय और समानता के मूल्यों को साझा किया और छात्रों से समाज में सकारात्मक योगदान देने का आह्वान किया।
कार्यक्रम का समापन विद्यालय के चेयरमैन श्री सुरजीत सिंह ग्रोवर जी के आशीर्वचन से हुआ, जिन्होंने छात्रों और शिक्षकों के प्रयासों की सराहना की और संविधान के आदर्शों को बनाए रखने का महत्व बताया।
वाइस चेयरमैन श्री हरमन सिंह ग्रोवर जी ने इस कार्यक्रम को सफल बनाने में सभी के योगदान के लिए धन्यवाद व्यक्त किया। कार्यक्रम का समापन जोश और गर्व भरे वातावरण में हुआ, जिसमें सभी अपने महान राष्ट्र का हिस्सा होने पर गर्व महसूस कर रहे थे।
*प्रधानाचार्य*
*दिल्ली पब्लिक स्कूल, रुद्रपुर*






