नानकमत्ता में राजकुमार ठुकराल का भव्य स्वागत, रोड शो में उमड़ा जनसैलाब

Spread the love

नानकमत्ता में राजकुमार ठुकराल का भव्य स्वागत, रोड शो में उमड़ा जनसैलाब

नानकमता। कांग्रेस में शामिल होने के बाद पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल के प्रथम बार नानकमत्ता साहिब पहुंचने पर कार्यकर्ताओं ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। इस दौरान ठुकराल ने गुरुद्वारा श्री नानकमत्ता साहिब में माथा टेककर आशीर्वाद प्राप्त किया।

उनके आगमन पर समर्थकों द्वारा जोरदार रोड शो निकाला गया, जिसमें बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता शामिल हुए। ठुकराल ने इस अवसर पर कार्यकर्ताओं में उत्साह भरते हुए आपसी मतभेद भुलाकर संगठन को मजबूत बनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस को मजबूत करना हम सभी की जिम्मेदारी है और पूरे प्रदेश में पार्टी को सशक्त बनाने के लिए सभी को मिलकर कार्य करना होगा।

कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि वह कंधे से कंधा मिलाकर पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ खड़े हैं और विपक्ष में रहते हुए भी आम जनता की समस्याओं के समाधान को प्राथमिकता देंगे। ठुकराल ने कहा कि पिछले चार वर्षों से वे बेसहारा थे, लेकिन कांग्रेस ने उन्हें सहारा दिया है, जिसका विश्वास वे कभी नहीं तोड़ेंगे। उन्होंने यह भी कहा कि उनकी राजनीतिक यात्रा को रोकने के प्रयास किए गए, लेकिन वे प्रयास सफल नहीं हो पाएंगे।

ठुकराल ने विश्वास जताया कि जिले की नौ विधानसभा सीटों पर कांग्रेस का परचम लहराएगा। इस मौके पर विधायक गोपाल सिंह राणा, अजय नारायण सिंह, प्रदीप बेदी, जैला सिंह, सुरेंद्र सिंह करनावल, प्रकाश सिंह, सतनाम सिंह निक्कू, सुखविंद्र सिंह मोमी, पिंटू सिंह, बलवंत सिंह, कृपाल सिंह समेत सैकड़ों कांग्रेसी कार्यकर्ता मौजूद रहे।


Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *