‘शिव बारात’ के रूप में निकला सीएम धामी का भव्य रोड शो, उमड़ा जनसैलाब
त्रिशूल चौक लोकार्पण के बाद निकला विशाल रोड शो, जयघोषों से गूंजा रुद्रपुर
डमरू की थाप, पुष्पवर्षा और छोलिया नृत्य से सजी ऐतिहासिक शोभायात्रा
गांधी पार्क तक उमड़ा जनसैलाब, सांस्कृतिक आस्था और जनसमर्थन का संगम
रुद्रपुर। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का शनिवार को रुद्रपुर आगमन उत्सव जैसा रहा। त्रिशूल चौक पर भव्य त्रिशूल के लोकार्पण के बाद उनका रोड शो ‘शिव बारात’ के रूप में निकला, जिसकी भव्यता और आध्यात्मिक माहौल ने पूरे शहर को भक्तिमय बना दिया।
फूलों से सुसज्जित वाहन पर सवार मुख्यमंत्री के साथ सांसद एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री अजय भट्ट, महापौर विकास शर्मा, विधायक शिव अरोरा तथा भाजपा जिलाध्यक्ष कमल जिंदल सहित कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे। मार्ग भर ‘बम-भोले’ और ‘हर-हर महादेव’ के उद्घोष से वातावरण गूंजता रहा।
रोड शो का आकर्षण तब बढ़ गया जब मुख्यमंत्री स्वयं डमरू बजाते नजर आए। ढोल-नगाड़ों की थाप पर थिरकते शिवभक्तों और धार्मिक उत्साह से सराबोर वातावरण ने आयोजन को विशेष बना दिया। पूरे मार्ग पर जेसीबी मशीनों के माध्यम से पुष्प वर्षा की गई, जिससे सड़कें फूलों की पंखुड़ियों से ढक गईं। छोलिया नृत्य दल की पारंपरिक प्रस्तुतियों ने आयोजन की भव्यता में और रंग भर दिए।
रुद्रपुर की ‘मिनी इंडिया’ छवि भी इस अवसर पर स्पष्ट दिखाई दी। पर्वतीय, बंगाली, सिख, पंजाबी, पूर्वांचल तथा जाट समाज सहित विभिन्न समुदायों के लोगों ने पारंपरिक वेशभूषा में मुख्यमंत्री का स्वागत किया। महिला मोर्चा की उल्लेखनीय उपस्थिति रही। मुख्यमंत्री ने भी जनता पर पुष्प वर्षा कर और हाथ हिलाकर अभिवादन स्वीकार किया।
त्रिशूल चौक से प्रारंभ हुआ यह विशाल रोड शो मुख्य मार्गों से होते हुए गांधी पार्क पहुंचकर संपन्न हुआ। गांधी पार्क में पार्टी कार्यकर्ताओं और स्थानीय नागरिकों ने मुख्यमंत्री का जोरदार स्वागत किया। हजारों लोगों ने इस ऐतिहासिक क्षण को अपने मोबाइल कैमरों में कैद किया।
आयोजन ने विकास और सांस्कृतिक परंपरा के संगम को दर्शाते हुए जनसमर्थन की झलक प्रस्तुत की।






