अंकिता भंडारी मामले मे भाजपा का काग्रेस पर पलटवार
उधम सिंह नगर से लेकर चंपावत तक कांग्रेसी प्रोपेगेंडा के विरुद्ध सड़क पर उतरी भाजपा,महिला मोर्चे ने राजनीतिक रोटियां न सेंकेने की दी हिदायत
देहरादून ।अंकिता भंडारी हत्याकांड में तथा कथित वीआईपी को बचाए जाने संबंधी कांग्रेसी प्रोपेगेंडा पर अभी तक चुप रही भाजपा अब कांग्रेस पर हमलावर हो गई है और उसने उधम सिंह नगर से लेकर चंपावत तक कांग्रेस के विरुद्ध सड़क पर उतरते हुए जबरदस्त पटवार किया है। उल्लेखनीय है कि एक अपुष्ट ऑडियो को आधार बनाकर कांग्रेस पार्टी राज्य की भारतीय जनता पार्टी सरकार पर तथाकथित वीआईपी को बचाने का आरोप लगाकर प्रदेशभर में जहां-तहां प्रदर्शन कर रही है तथा कथित वीआईपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग करते हुए सीबीआई जांच की मांग भी कर रही है। दूसरी तरफ भाजपा इस मामले में आरंभ से ही कांग्रेस पर लोगों को गुमराह करने तथा जन भावनाओं को भड़का कर अपनी राजनीतिक रोटी सेंकेने का आरोप लगाती रही है। लेकिन बीते रविवार को भारतीय जनता पार्टी का सब्र का बांध टूट गया और भाजपा के विभिन्न मोर्चाे के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता कांग्रेस के विरुद्ध सड़क पर उतर आए। इस तरह अंकित भंडारी हत्याकांड को लेकर उत्तराखंड में अब भारतीय जनता पार्टी और कांग्रेस एक दूसरे के सामने खुलकर आ गई हैं । बीते शनिवार को कांग्रेस ने प्रदेश भर में सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया। जबकि रविवार को देहरादून में कांग्रेस समेत विभिन्न सामाजिक संगठनों और अन्य राजनीतिक दलों ने रैली निकालते हुए सीएम आवास कूच किया। उधर ,उधम सिंह नगर जिले के काशीपुर एवं चंपावत में कांग्रेस के सीएम आवास कूच के नॉरेटिव को काउंटर करने के लिए भाजपा के अलग-अलग मोर्चे भी सड़कों पर उतर आए और बीते रविवार को भारतीय जनता पार्टी के महिला मोर्चा समेत अन्य सभी मोर्चों के कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों द्वारा कांग्रेस पार्टी का पुतला दहन किया गया।उधम सिंह नगर के काशीपुर में कांग्रेस का पुतला दहन करते हुए भारतीय जनता पार्टी की महिला मोर्चा ने कांग्रेस पर कई गंभीर आरोप लगाए। भाजपा महिला मोर्चा की जिला अध्यक्ष आकांक्षा ठाकुर ने पुतला दहन आंदोलन के दौरान कहा कि कांग्रेस पार्टी इस पूरे मामले में मृतका अंकिता भंडारी की आत्मा को अपमानित करने का कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि जैसे-जैसे 2027 का विधानसभा चुनाव नजदीक आ रहा है, कांग्रेस इस मामले की आड़ लेकर अंकिता भंडारी की आत्मा को अपमानित कर इसे राजनीतिक मुद्दा बना रही है। बात चंपावत जिले की करें तो चंपावत में भी बीजेपी महिला मोर्चा ने कांग्रेस पर मामले में राजनीति करने का आरोप लगाकर पुतला फूंककर जोरदार प्रदर्शन किया है। प्रदर्शन के दौरान महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष समेत अन्य महिलाओं का कहना था कि कांग्रेस अंकिता भंडारी प्रकरण में सिर्फ राजनीति करने का काम कर रही है। जबकि, सरकार साफ कह रही है कि अगर उनके पास सबूत है तो वो पेश करें। जबकि, इस पूरे मामले में अंकिता बेटी को न्याय दिलाने के लिए बीजेपी सरकार ने निष्पक्ष जांच कर दोषियों को आजीवन कारावास दिलाने का काम किया है।कांग्रेस इस मामले में राजनीतिक रोटियां सेक कर अंकिता भंडारी की आत्मा को ठेस पहुंचाने का काम कर रही है। अंकिता भाजपा की बेटी के समान थी। इसलिए भाजपा इस पूरे मामले में निष्पक्ष तरीके से काम कर रही है। भाजपा की महिला नेताओं ने कहा कि अगर इस मामले में कोई सबूत है तो उन्हें पेश किया जाए, अन्यथा कांग्रेस इस मामले में राजनीति कर केवल अपनी राजनीतिक रोटी ना सेंके। अंकित भंडारी मामले से जुड़ी सबसे खास बात तो यह है कि पुलिस की ओर से भी प्रेस कॉन्फ्ेंस करके मामले की वस्तु स्थिति स्पष्ट करने की कोशिश की गई है, लेकिन कांग्रेस पार्टी सीबीआई जांच की मांग को लेकर अड़ी हुई है






