कार की टक्कर से बाइक सवार ममेरे भाईयो की मौत
चमोली जिले में बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर बिरही के पास गुरुवार रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ, जिसमें बाइक सवार दो ममेरे भाइयों की मौत हो गई। हादसा तब हुआ जब विपरीत दिशा से तेज रफ्तार स्विफ्ट कार ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। प्राप्त जानकारी के अनुसार 28 वर्षीय राहुल पुत्र भवान सिंह और उनका ममेरा भाई 27 वर्षीय कमल सिंह पुत्र रणजीत सिंह, निवासी रामणी नंदानगर किसी रिश्तेदार की शादी से घर लौट रहे थे। बाइक पर घर लौटते समय बिरही में बीआरओ कैंप के पास चमोली की ओर से आ रही तेज रफ्तार स्विफ्ट कार ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में कमल सिंह की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल राहुल को स्थानीय लोगों और चमोली थाने की पुलिस की मदद से तत्काल जिला अस्पताल गोपेश्वर पहुंचाया गया। गंभीर चोटों और अत्यधिक रक्तस्राव के चलते राहुल ने अस्पताल में दम तोड़ दिया। पुलिस ने दोनों शवों का पंचनामा भरकर मोर्चरी में रखवाया है। पुलिस हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है और वाहन चालक की तलाश जारी है।






