सरस मेले में आज सजेगी पूर्वांचल नाइट, भगत सिंह कोश्यारी होंगे मुख्य अतिथि
रूपेश मिश्रा व श्वेता मेहरा की प्रस्तुति बनेगी आकर्षण का केंद्र
महापौर ने किया आह्वान— पूर्वांचल नाइट में पहुंचकर कलाकारों का बढ़ाएं उत्साह
रुद्रपुर, 18 फरवरी। गांधी पार्क में आयोजित सरस आजीविका मेला एवं यूएस नगर कार्निवल सफलता के नए आयाम स्थापित कर रहा है। मेले के अंतर्गत गुरुवार, 19 फरवरी को विशेष सांस्कृतिक संध्या “पूर्वांचल बालीवुड नाइट” का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम में उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री एवं महाराष्ट्र के पूर्व राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। वे शाम 7 बजे दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ करेंगे।
महापौर विकास शर्मा ने बताया कि गुरुवार की सांस्कृतिक संध्या पूर्वांचल की लोक संस्कृति और संगीत को समर्पित रहेगी। कार्यक्रम में पूर्वांचल के सुप्रसिद्ध कलाकार रूपेश मिश्रा तथा उत्तराखंड की लोकप्रिय स्टार श्वेता मेहरा अपनी प्रस्तुतियों से समां बांधेंगी। दोनों कलाकारों की जुगलबंदी और ऊर्जावान गीत दर्शकों के लिए आकर्षण का केंद्र रहेंगे। इसके अतिरिक्त स्थानीय एवं आमंत्रित कलाकार भी मंच पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे।
आयोजकों के अनुसार 14 फरवरी से प्रारंभ हुआ यह मेला 23 फरवरी तक चलेगा। प्रतिदिन विभिन्न संस्कृतियों पर आधारित कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है, जिससे बड़ी संख्या में लोग आकर्षित हो रहे हैं। मेले में स्थानीय हस्तशिल्प, स्वयं सहायता समूहों के उत्पादों तथा विविध सांस्कृतिक प्रस्तुतियों का दर्शक भरपूर आनंद ले रहे हैं।
महापौर ने क्षेत्रवासियों से अपील की है कि वे पूर्वांचल नाइट के अवसर पर अधिक से अधिक संख्या में गांधी पार्क पहुंचकर कलाकारों का उत्साहवर्धन करें और मेले का आनंद उठाएं।







