आशा कार्यकर्ता स्वास्थ्य विभाग की रीढ़ : अजय भट्ट
रुद्रपुर में आशा कार्यकर्ताओं का विशाल सम्मेलन आयोजित
रुद्रपुर में आशा कार्यकर्ताओं का विशाल सम्मेलन, मानदेय व सुविधाओं पर उठी आवाज
कोरोना काल की सेवाओं को सराहा, आशाओं की समस्याओं के समाधान का आश्वासन
मातृ-शिशु स्वास्थ्य सुधार में आशा बहनों का योगदान अतुलनीय
रुद्रपुर। स्थानीय गिल रिसोर्ट में आयोजित आशा कार्यकर्ता सम्मेलन में जनपद भर से आई आशा बहनों की समस्याओं और मांगों पर विस्तृत चर्चा की गई। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि सांसद अजय भट्ट ने महापौर विकास शर्मा, विधायक शिव अरोरा तथा भाजपा प्रदेश मंत्री विवेक सक्सेना की उपस्थिति में फीता काटकर एवं दीप प्रज्वलित कर किया। सम्मेलन में पहुंचीं आशा कार्यकर्ताओं ने अतिथियों का पुष्प वर्षा एवं गुलदस्ते भेंट कर स्वागत किया, वहीं संगठन की ओर से शॉल ओढ़ाकर सम्मानित भी किया गया।
सम्मेलन के दौरान आशा कार्यकर्ताओं ने अपनी लंबित मांगों और कार्यक्षेत्र में आने वाली व्यवहारिक समस्याओं को मंच के माध्यम से प्रमुखता से रखा। कार्यकर्ताओं ने मानदेय वृद्धि, बीमा सुरक्षा तथा स्वास्थ्य केंद्रों पर सुविधाओं में सुधार की मांग उठाई। जनप्रतिनिधियों ने इन मांगों पर गंभीरता से विचार कर उचित स्तर पर पैरवी करने का आश्वासन दिया।
मुख्य अतिथि सांसद अजय भट्ट ने कहा कि आशा कार्यकर्ता स्वास्थ्य विभाग की रीढ़ हैं और दुर्गम क्षेत्रों से लेकर शहरी बस्तियों तक अंतिम व्यक्ति तक स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाने में उनकी भूमिका अतुलनीय है। उन्होंने कहा कि कोरोना काल में आशा बहनों ने अपनी जान जोखिम में डालकर कार्य किया, जिसे देश कभी नहीं भूल सकता। उनकी जायज मांगों को केंद्र एवं राज्य सरकार तक मजबूती से पहुंचाया जाएगा।
महापौर विकास शर्मा ने कहा कि समाज के स्वास्थ्य ढांचे को मजबूत करने में आशाओं का समर्पण अनुकरणीय है। नगर निगम क्षेत्र में उन्हें आवश्यक सहयोग प्राथमिकता के आधार पर उपलब्ध कराया जाएगा। उन्होंने कहा कि आशा कार्यकर्ताओं की मेहनत से मातृ एवं शिशु मृत्यु दर में कमी आई है।
विधायक शिव अरोरा ने कहा कि सरकार मातृ शक्ति के कल्याण के लिए प्रतिबद्ध है। आशा कार्यकर्ताओं की स्थानीय एवं प्रदेश स्तर की समस्याओं के समाधान हेतु वे स्वयं मुख्यमंत्री से वार्ता करेंगे।
सम्मेलन में भाजपा प्रदेश मंत्री विवेक सक्सेना, मुख्य चिकित्साधिकारी किशोर कुमार अग्रवाल, एसीएमओ ए.पी. सिंह, सांसद प्रतिनिधि डॉ. कपिल शर्मा, मंडल अध्यक्ष मुकेश पाल, मंडल महामंत्री जितेंद्र संधू, जिला कार्यालय मंत्री मोर सिंह यादव, पार्षद चिराग कालरा, माया मण्डल, प्रीति नैय्यर, सुमित्रा, रानी बिष्ट, कमला बिष्ट, रंजीत कौर, लक्ष्मी पोखरिया सहित विभागीय अधिकारी एवं बड़ी संख्या में आशा कार्यकर्ता उपस्थित रहीं।






