अजय गणपति ने संभाली ऊधमसिंहनगर की कमान, जनसुनवाई और महिला सुरक्षा पर विशेष जोर
रुद्रपुर में पहली बैठक में एसएसपी अजय गणपति का संदेश — पीड़ित केंद्रित पुलिसिंग और त्वरित कार्रवाई होगी प्राथमिकता
महिला सुरक्षा पर जीरो टॉलरेंस: एसएसपी अजय गणपति ने अपराधियों को दी कड़ी चेतावनी
नशा तस्करों और साइबर अपराधियों पर सख्त प्रहार के निर्देश, जनपद में चलाया जाएगा व्यापक अभियान
यातायात सुधार, सत्यापन अभियान और संवेदनशील पुलिसिंग से व्यवस्था मजबूत करने की तैयारी
रुद्रपुर। जनपद ऊधमसिंहनगर के नवनियुक्त वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) अजय गणपति ने कार्यभार ग्रहण करने के बाद पुलिस अधिकारियों के साथ पहली समन्वय गोष्ठी आयोजित कर अपनी प्राथमिकताएं स्पष्ट कर दीं। उन्होंने साफ कहा कि कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा और पुलिसिंग को अधिक संवेदनशील, त्वरित एवं प्रभावी बनाया जाएगा।
बैठक में जनपद के सभी राजपत्रित पुलिस अधिकारी एवं थाना प्रभारी उपस्थित रहे। एसएसपी ने जनसुनवाई को पुलिस व्यवस्था की आधारशिला बताते हुए कहा कि थानों और चौकियों पर आने वाले प्रत्येक फरियादी की शिकायत को गंभीरता और संवेदनशीलता के साथ सुना जाए तथा प्राथमिकता के आधार पर उसका समाधान सुनिश्चित किया जाए।
पीड़ित केंद्रित पुलिसिंग पर जोर
उन्होंने निर्देश दिए कि पुलिस की कार्यप्रणाली पीड़ित केंद्रित होनी चाहिए, ताकि आमजन का विश्वास और मजबूत हो सके।
महिला सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता
महिलाओं से संबंधित अपराधों पर ‘जीरो टॉलरेंस’ नीति अपनाने के निर्देश देते हुए एसएसपी ने कहा कि ऐसे मामलों में बिना देरी के त्वरित एवं कठोर वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
नशा तस्करों पर कड़ा प्रहार
जनपद में नशे के कारोबार को जड़ से समाप्त करने के लिए ड्रग तस्करों के नेटवर्क को ध्वस्त करने तथा युवाओं को नशे से बचाने हेतु सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
साइबर अपराधों पर त्वरित कार्रवाई
बढ़ते साइबर अपराधों को गंभीर चुनौती बताते हुए साइबर सेल एवं थानों को निर्देशित किया गया कि ऑनलाइन ठगी के मामलों में तत्काल प्रतिक्रिया दी जाए और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर अपराधियों को शीघ्र गिरफ्तार किया जाए।
यातायात व्यवस्था होगी सुदृढ़
शहर की यातायात व्यवस्था को सुव्यवस्थित एवं जाम मुक्त बनाने के लिए संबंधित अधिकारियों को योजनाबद्ध तरीके से कार्य करने के निर्देश दिए गए।
सत्यापन अभियान चलाने के निर्देश
शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए संदिग्ध व्यक्तियों एवं असामाजिक तत्वों के विरुद्ध व्यापक सत्यापन अभियान चलाने के निर्देश भी दिए गए, जिससे बाहरी एवं संदिग्ध लोगों की पहचान सुनिश्चित की जा सके।
एसएसपी अजय गणपति ने स्पष्ट किया कि “पीड़ितों की तत्काल सुनवाई, महिला सुरक्षा और कानून व्यवस्था बनाए रखना सर्वोच्च प्राथमिकता है। अपराधियों एवं नशे के सौदागरों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।”






