नशा तस्करों पर कड़ा शिकंजा, ₹6.70 करोड़ की संपत्ति होगी कुर्क
अजय गणपति के निर्देशन में नशा तस्करों पर कसा शिकंजा
एसएसपी अजय गणपति का एक्शन मोड, नशा तस्करों की कमर तोड़ने की तैयारी
अजय गणपति के निर्देश पर तस्करों के आर्थिक नेटवर्क पर बड़ा प्रहार
अजय गणपति की सख्ती, NDPS एक्ट के तहत संपत्तियों की कुर्की शुरू
एसएसपी अजय गणपति का अभियान तेज, तस्करों की करोड़ों की संपत्ति रडार पर
रुद्रपुर। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के “नशामुक्त/अपराधमुक्त देवभूमि” संकल्प को अमलीजामा पहनाते हुए ऊधमसिंहनगर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की तैयारी की है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति के निर्देशन में नशा तस्करों के आर्थिक तंत्र पर प्रहार करते हुए करीब ₹6.70 करोड़ की अवैध संपत्तियों को कुर्क करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
पुलिस के अनुसार, अभियान के तहत दो बड़े तस्करों की संपत्तियों को चिन्हित किया गया है, जो मादक पदार्थों की तस्करी से अर्जित बताई जा रही हैं। इन संपत्तियों के खिलाफ NDPS Act के प्रावधानों के तहत कार्रवाई की जा रही है।
स्मैक तस्कर रिफाकत पर कार्रवाई
थाना पुलभट्टा क्षेत्र में एक जनवरी 2025 को चेकिंग के दौरान पुलिस पर फायरिंग करने वाले कुख्यात स्मैक तस्कर रिफाकत को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया था। उसके कब्जे से 1060 ग्राम स्मैक, एक .315 बोर तमंचा व कारतूस बरामद हुए थे। जांच में सामने आया कि आरोपी ने अवैध रूप से करीब ₹3.70 करोड़ की संपत्ति अर्जित की है। इन संपत्तियों के कुर्कीकरण हेतु 19 मार्च 2026 को सक्षम प्राधिकरण (SAFEMA/NDPS), नई दिल्ली के पोर्टल पर प्रकरण दर्ज किया गया है।
रिफाकत के खिलाफ हत्या, गैंगस्टर एक्ट और NDPS एक्ट सहित कई गंभीर धाराओं में करीब 18 मुकदमे दर्ज हैं, जिससे उसकी आपराधिक पृष्ठभूमि भी उजागर होती है।
गांजा तस्करी के सरगना संजय गुप्ता पर शिकंजा
वहीं, 11 अप्रैल 2025 को थाना पुलभट्टा पुलिस ने एक वाहन से 434.748 किलोग्राम गांजा बरामद किया था। इस मामले में रुद्रपुर निवासी संजय गुप्ता का नाम मुख्य सरगना के रूप में सामने आया। जांच में पता चला कि वह अन्य राज्यों से गांजा लाकर उत्तराखंड में तस्करी करता था और वाहनों को दूसरों के नाम पर संचालित करता था।
आर्थिक जांच में संजय गुप्ता के पास लगभग ₹3 करोड़ की संपत्ति पाई गई, जिसमें प्लॉट, दुकानें, मकान और वाहन शामिल हैं। इन संपत्तियों को कुर्क करने के लिए NDPS एक्ट की धारा 68(F) के तहत कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस की अपील
एसएसपी अजय गणपति ने स्पष्ट किया कि जिले में नशा तस्करों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और अवैध कमाई से अर्जित संपत्तियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। पुलिस ने आमजन से अपील की है कि नशा तस्करी या आपराधिक गतिविधियों की सूचना तुरंत पुलिस को दें, सूचना देने वाले की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।







