*_बिहार में दर्दनाक हादसा, आम्रपाली एक्सप्रेस से कटकर एक ही परिवार के चार लोगों की मौत_*

Spread the love

*_बिहार में दर्दनाक हादसा, आम्रपाली एक्सप्रेस से कटकर एक ही परिवार के चार लोगों की मौत_*

बेगूसराय: बिहार के बेगूसराय में एक दिल दहला देने वाला हादसा सामने आया है, जिसमें ट्रेन की चपेट में आने से एक ही परिवार के चार लोगों की मौत हो गई. मृतकों में एक पुरुष, एक महिला और दो नाबालिग लड़कियां शामिल हैं. यह घटना बरौनी-कटिहार रेल खंड के साहेबपुर कमाल थाना क्षेत्र के उमेशनगर स्टेशन के ढाला के पास हुई. स्थानीय लोगों के अनुसार, मृतक रघुनाथपुर गांव में आयोजित काली पूजा के मेले से लौट रहे थे, तभी डाउन आम्रपाली एक्सप्रेस की चपेट में आ गए.

मृतकों की पहचान: मृतकों की पहचान साहेबपुर कमाल थाना क्षेत्र के रहूआ गांव के निवासियों के रूप में हुई है. इनमें किशुन महतो के 40 वर्षीय पुत्र धर्मदेव महतो, मदन महतो की 35 वर्षीय पत्नी रीता देवी, उनकी 14 वर्षीय बेटी रौशनी कुमारी और नीतीश कुमार की 7 वर्षीय बेटी आरोही कुमारी शामिल हैं. सभी मृतक आपस में रिश्तेदार थे और एक ही आंगन में रहते थे. इस हादसे ने पूरे परिवार को सदमे में डाल दिया है.

कैसे हुआ इतना बड़ा हादसा: रघुनाथपुर गांव में आयोजित काली पूजा के मेले में शामिल होने के बाद ये लोग अपने गांव रहूआ लौट रहे थे. रहूआ गांव जाने के लिए लोग आमतौर पर रेलवे ट्रैक के किनारे बने रास्ते का उपयोग करते हैं, जो एक सामान्य मार्ग है. इसी दौरान तेज रफ्तार में आ रही डाउन आम्रपाली एक्सप्रेस ने इन लोगों को अपनी चपेट में ले लिया। हादसे के समय अन्य लोग भी इस रास्ते से गुजर रहे थे, लेकिन वे बच गए.

पोस्टमॉर्टम के लिए भेजे गये शव: हादसे की खबर फैलते ही मौके पर सैकड़ों लोगों की भीड़ जमा हो गई. स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद साहेबपुर कमाल थाना की पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए बेगूसराय सदर अस्पताल भेज दिया. इलाके में इस हादसे के बाद मायूसी छाई हुई है.

क्या कहते हैं जनप्रतिनिधि: स्थानीय जनप्रतिनिधि गोरे लाल यादव ने बताया कि हर साल की तरह इस बार भी लोग काली पूजा के मेले में शामिल होने गए थे. रेलवे ट्रैक के किनारे से गुजरते समय यह हादसा हुआ. उन्होंने इसे बेहद दुखद बताते हुए रेल प्रशासन से सुरक्षा उपायों पर ध्यान देने की मांग की.

“हर साल की तरह इस बार भी लोग काली पूजा के मेले में शामिल होने गए थे. रेलवे ट्रैक के किनारे से गुजरते समय यह हादसा हुआ. यह बेहद दुखद घटना है, रेल प्रशासन को सुरक्षा उपायों पर ध्यान देना चाहिए.”-गोरे लाल यादव, जनप्रतिनिधि

रेलवे ट्रैक की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल: वहीं सीपीएम नेता अंजनी कुमार सिंह ने इस घटना पर गहरी संवेदना व्यक्त की. उन्होंने मृतकों के परिजनों के लिए उचित मुआवजे की मांग की और रेलवे ट्रैक की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल उठाए.

 

“यह घटना अत्यंत दुखद है. रेल प्रशासन को मृतकों के आश्रितों को उचित मुआवजा देना चाहिए. आज रेल की पटरियां सुरक्षित नहीं हैं, इस पर ध्यान देने की जरूरत है.”-अंजनी कुमार सिंह, सीपीएम नेता

क्या कहती है पुलिस: साहेबपुर कमाल थानाध्यक्ष सिंटू कुमार ने बताया कि यह हादसा डाउन आम्रपाली एक्सप्रेस की चपेट में आने से हुआ. उन्होंने पुष्टि की कि मृतक एक ही परिवार के रिश्तेदार थे और रघुनाथपुर से मेले का आनंद लेकर लौट रहे थे. उन्होंने कहा कि रेलवे ट्रैक के किनारे बना रास्ता रहूआ गांव के लोगों के लिए सामान्य मार्ग है, लेकिन इसकी सुरक्षा पर ध्यान देना जरूरी है.

“यह हादसा डाउन आम्रपाली एक्सप्रेस की चपेट में आने से हुआ. मृतक एक ही परिवार के रिश्तेदार थे, जो रघुनाथपुर से काली पूजा का मेला देखकर लौट रहे थे.”- सिंटू कुमार, थानाध्यक्ष, साहेबपुर कमाल

मुआवजे और सुरक्षा की मांग: इस हादसे ने रेलवे ट्रैक के आसपास बस्तियों में रहने वाले लोगों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े किए हैं. स्थानीय लोग और नेता रेल प्रशासन से इस मार्ग पर सुरक्षा उपायों को लागू करने और मृतकों के परिजनों को उचित मुआवजा देने की मांग कर रहे हैं. इस दुखद घटना ने पूरे इलाके को शोक में डुबो दिया है.


Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *