*_तेजस्वी यादव बने RJD के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष, लालू-राबड़ी की मौजूदगी में मिला जिम्मा_*
पटना: राष्ट्रीय जनता दल की ओर से एक अहम राजनीतिक फैसला लिया गया है. पार्टी ने तेजस्वी यादव को कार्यकारी अध्यक्ष बनाने की औपचारिक घोषणा कर दी है. इस फैसले को आरजेडी के संगठनात्मक ढांचे को मजबूत करने और आगामी चुनावों की रणनीति के तौर पर देखा जा रहा है.
तेजस्वी यादव बने आरजेडी के कार्यकारी अध्यक्ष: तेजस्वी यादव को कार्यकारी अध्यक्ष बनाए जाने के साथ ही पार्टी ने साफ संकेत दे दिया है कि भविष्य की राजनीति में युवा नेतृत्व की भूमिका और मजबूत होगी. तेजस्वी यादव पहले से ही पार्टी के सबसे बड़े चेहरों में शामिल हैं और अब संगठन की जिम्मेदारी मिलने से उनकी भूमिका और प्रभावशाली हो गई है.
संगठन को मजबूत करने की कवायद: आरजेडी नेताओं का कहना है कि यह फैसला पार्टी को जमीनी स्तर पर और सशक्त बनाने के उद्देश्य से लिया गया है. कार्यकारी अध्यक्ष के रूप में तेजस्वी यादव संगठन, रणनीति और चुनावी तैयारियों की कमान संभालेंगे. माना जा रहा है कि इससे कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा और उत्साह का संचार होगा.
आरजेडी ने कल ही दिए थे संकेत: कल ही ईटीवी भारत पर आरजेडी के प्रवक्ता चितरंजन गगन ने संकेत दिया था कि कार्यकारिणी की बैठक में प्रस्ताव आने पर तेजस्वी यादव को कार्यकारी अध्यक्ष बनाया जा सकता है. वैसे भी तेजस्वी यादव को लालू यादव ने विधानसभा चुनाव से पहले ही सभी पावर दे दिया था.
‘रविवार को होने वाली बैठक में मुख्य रूप से बिहार विधानसभा चुनाव में पार्टी के प्रदर्शन को लेकर समीक्षा की जाएगी कि आखिर चूक कहां हुई. चितरंजन गगन का कहना है कि चुनाव परिणाम की समीक्षा और पार्टी की आगामी रणनीति को लेकर कल की बैठक बहुत ही महत्वपूर्ण है. भविष्य में पार्टी का राजनीतिक अभियान कैसा हो इन तमाम बिंदुओं पर कल की बैठक में चर्चा होगी.” – चितरंजन गगन, प्रवक्ता, आरजेडी (बैठक से पहले दिया बयान)
चुनावी राजनीति पर असर: राजनीतिक जानकारों के अनुसार इस फैसले का सीधा असर आने वाले विधानसभा और लोकसभा चुनावों पर पड़ सकता है. तेजस्वी यादव की सक्रियता और आक्रामक राजनीति को देखते हुए विपक्षी दलों की मुश्किलें बढ़ सकती हैं. आरजेडी अब पूरी तरह एग्रेसिव मोड में नजर आएगी.
पार्टी नेताओं की प्रतिक्रिया: राष्ट्रीय जनता दल के वरिष्ठ नेताओं और कार्यकर्ताओं ने इस फैसले का स्वागत किया है. नेताओं का कहना है कि तेजस्वी यादव के नेतृत्व में पार्टी नई दिशा में आगे बढ़ेगी और जनता के मुद्दों को और मजबूती से उठाया जाएगा.
तेजस्वी यादव के सामने बड़ी चुनौती: कुल मिलाकर तेजस्वी यादव को कार्यकारी अध्यक्ष बनाए जाने को आरजेडी की भविष्य की राजनीति का संकेत माना जा रहा है. अब देखना यह होगा कि इस नई जिम्मेदारी के साथ तेजस्वी यादव पार्टी को किस तरह संगठित करते हैं और इसका चुनावी परिणामों पर क्या प्रभाव पड़ता है.







