*_ट्रंप के एक बयान से ₹20,000 सस्ती हुई चांदी, सोना भी 4000 टूटा_*
नईदिल्ली। बीते कुछ दिनों से लगातार रिकॉर्ड ऊंचाई पर पहुंच रही सोना-चांदी की कीमतों में गुरुवार को अचानक बड़ी गिरावट देखने को मिली. मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (MCX) पर कारोबार शुरू होते ही दोनों कीमती धातुओं में जोरदार बिकवाली दिखी, जिससे निवेशक हैरान रह गए. चांदी करीब 20 हजार रुपये प्रति किलो सस्ती हो गई, जबकि सोने के भाव में भी 4 हजार रुपये प्रति 10 ग्राम से ज्यादा की गिरावट दर्ज की गई.
खुलते ही चांदी में भारी क्रैश
एमसीएक्स पर बुधवार को 5 मार्च एक्सपायरी वाली चांदी 3,25,602 रुपये प्रति किलो के स्तर पर बंद हुई थी. लेकिन गुरुवार सुबह जैसे ही बाजार खुला, चांदी के दाम फिसलकर 3,05,753 रुपये प्रति किलो पर आ गए. इस तरह एक ही झटके में चांदी करीब 19,849 रुपये प्रति किलो सस्ती हो गई. हाल के दिनों में तेज तेजी के बाद आई यह गिरावट काफी बड़ी मानी जा रही है.
सोना भी नहीं बच पाया
चांदी के साथ-साथ सोने की कीमतों में भी तेज गिरावट देखी गई. बीते तीन कारोबारी दिनों में सोना लगातार नए लाइफटाइम हाई बना रहा था. बुधवार को 5 फरवरी एक्सपायरी वाला सोना 1,52,862 रुपये प्रति 10 ग्राम पर बंद हुआ था. लेकिन गुरुवार को यह गिरकर 1,48,777 रुपये प्रति 10 ग्राम पर आ गया. यानी सोने के भाव में करीब 4,085 रुपये प्रति 10 ग्राम की गिरावट दर्ज की गई.
ट्रंप कनेक्शन से बदला माहौल
विशेषज्ञों के मुताबिक सोना-चांदी की कीमतों में आई इस अचानक गिरावट के पीछे अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के हालिया बयान अहम वजह माने जा रहे हैं. पिछले कुछ समय से ट्रंप द्वारा लगातार टैरिफ की धमकियों, वेनेजुएला, ईरान और ग्रीनलैंड को लेकर दिए गए कड़े बयानों से वैश्विक तनाव बढ़ गया था. इस अनिश्चितता के माहौल में निवेशक सुरक्षित निवेश के तौर पर सोना और चांदी की ओर तेजी से बढ़े थे, जिससे इनके दाम आसमान छूने लगे.
हालांकि अब ट्रंप के बयानों से संकेत मिला है कि वैश्विक तनाव कुछ हद तक कम हो सकता है. इसी उम्मीद ने निवेशकों को मुनाफावसूली के लिए प्रेरित किया, जिसका सीधा असर सोना-चांदी की कीमतों पर पड़ा.
ग्रीनलैंड और भारत को लेकर नरम रुख
ग्रीनलैंड को लेकर ट्रंप ने कहा कि ऐसा समझौता किया जाएगा, जिससे अमेरिका और नाटो दोनों संतुष्ट हों. इस बयान को पहले की आक्रामक टिप्पणियों के मुकाबले नरम माना जा रहा है. इसके अलावा दावोस में वर्ल्ड इकोनॉमिक फोरम के दौरान ट्रंप ने भारत और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की भी तारीफ की. उन्होंने भारत-अमेरिका के बीच एक बेहतर ट्रेड डील होने की बात कही.
इन सकारात्मक संकेतों का असर न सिर्फ शेयर बाजार पर पड़ा, बल्कि सोना-चांदी जैसी सुरक्षित संपत्तियों की मांग भी घट गई. इसी वजह से गुरुवार को कीमती धातुओं में तेज गिरावट देखने को मिली।






