*_बांग्लादेश: तारिक रहमान के शपथ ग्रहण समारोह में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगे ओम बिरला_*

Spread the love

*_बांग्लादेश: तारिक रहमान के शपथ ग्रहण समारोह में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगे ओम बिरला_*

नई दिल्लीः लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला 17 फरवरी को ढाका में बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी (BNP) के अध्यक्ष तारिक रहमान के नेतृत्व वाली नवनिर्वाचित सरकार के शपथ ग्रहण समारोह में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगे. विदेश मंत्रालय के बयान के अनुसार इस इवेंट में स्पीकर का शामिल होना भारत और बांग्लादेश के लोगों के बीच गहरी और पक्की दोस्ती को दिखाता है.

विदेश मंत्रालय ने यह जानकारी देते हुए लिखा है कि “एक जैसे इतिहास, संस्कृति और आपसी सम्मान से जुड़े पड़ोसियों के तौर पर, भारत तारिक रहमान के नेतृत्व में बांग्लादेश में चुनी हुई सरकार के आने का स्वागत करता है, जिनके विज़न और मूल्यों को लोगों का भारी समर्थन मिला है.”

पीएम मोदी क्यों नहीं जा रहे?

बांग्लादेश के दैनिक समाचार पत्र ‘प्रथम आलो’ की रिपोर्ट के अनुसार बांग्लादेश की अंतरिम सरकार के मुख्य सलाहकार, प्रोफेसर मुहम्मद यूनुस ने शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होने के लिए पीएम नरेंद्र मोदी को आमंत्रित किया था. भारतीय मीडिया रिपोर्टस के अनुसार 17 फरवरी को मुंबई में फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों के साथ उनकी पूर्व-निर्धारित द्विपक्षीय बैठक है. इसके अलावा दिल्ली में ‘AI इम्पैक्ट समिट’ भी है. इस कारण वे इस समारोह में शामिल नहीं हो पाएंगे.

13 देशों को निमंत्रण

राजनयिक सूत्रों के मुताबिक, बांग्लादेश ने भारत के अलावा चीन, पाकिस्तान, सऊदी अरब, तुर्की, संयुक्त अरब अमीरात, कतर, मलेशिया, ब्रुनेई, श्रीलंका, नेपाल, मालदीव और भूटान को इस शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होने के लिए निमंत्रण भेजा है. नए मंत्रिमंडल का शपथ ग्रहण समारोह 17 फरवरी मंगलवार दोपहर को राष्ट्रीय संसद के साउथ प्लाजा में आयोजित किया जाएगा.

बीएनपी को मिली शानदार जीत

 

बता दें कि 12 फरवरी 2026 को बांग्लादेश में हुए आम चुनावों में तारिक रहमान के नेतृत्व वाली बीएनपी ने 300 सीटों वाली संसद में 209 सीट जीतकर भारी बहुमत हासिल किया है. वहीं, ‘जमात-ए-इस्लामी’ गठबंधन मुख्य विपक्षी दल के रूप में उभरा है. लंबे समय तक सत्ता में रहीं नेता शेख हसीना को 2024 के बड़े जन-आंदोलनों के बाद हटाए जाने के बाद, यह पहला चुनाव था.

 

पीएम मोदी ने दी थी बधाई

बांग्लादेश के नेतृत्व में आए इस बड़े राजनीतिक बदलाव के बाद, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बीएनपी की चुनावी जीत पर तारिक रहमान को हार्दिक बधाई दी थी. सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘X’ पर अपने संदेश में, मोदी ने रहमान को बधाई देते हुए लिखा:

“बांग्लादेश के संसदीय चुनावों में बीएनपी को निर्णायक जीत दिलाने के लिए मैं तारिक रहमान को हार्दिक बधाई देता हूं. यह जीत आपके नेतृत्व में बांग्लादेश की जनता के भरोसे को दर्शाती है. भारत एक लोकतांत्रिक, प्रगतिशील और समावेशी बांग्लादेश के समर्थन में खड़ा रहेगा. मैं अपने बहुआयामी संबंधों को मजबूत करने और हमारे साझा विकास लक्ष्यों को आगे बढ़ाने के लिए आपके साथ काम करने को उत्सुक हूं.”

बीएनपी ने जताया था आभार

सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर एक पोस्ट में, बीएनपी (BNP) ने प्रधानमंत्री मोदी के संदेश और अपनी पार्टी के नेतृत्व को मिली मान्यता के लिए आभार व्यक्त किया. पार्टी ने कहा, “माननीय @narendramodi, आपका बहुत-बहुत धन्यवाद. राष्ट्रीय चुनावों में बीएनपी की निर्णायक जीत दिलाने में तारिक रहमान के नेतृत्व को स्वीकार करने के लिए हम आपकी सराहना करते हैं. यह परिणाम उस विश्वास और भरोसे को दर्शाता है जो बांग्लादेश की जनता ने हमारे नेतृत्व और लोकतांत्रिक प्रक्रिया में दिखाया है.”


Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *