*_बिहार चुनाव 2025 के लिए आज से नामांकन शुरू, 121 सीटों पर दाखिल होगा पर्चा_*
पटना: बिहार चुनाव की तारीखों का ऐलान हो गया है. आज चुनाव आयोग पहले चरण के लिए अधिसूचना जारी करेगा. इसके साथ ही 18 जिलों की 121 सीटों पर नामांकन प्रक्रिया शुरू हो जाएगी. 121 सीटें उत्तर बिहार और मगध क्षेत्र के कई जिलों में फैली हैं. 17 अक्टूबर तक प्रत्याशी नामांकन कर सकते हैं.
121 सीटों के लिए आज होगा नामांकन: इस बार बिहार में दो फेज में विधानसभा चुनाव होने वाले हैं. पहले चरण में 121 सीटों पर 6 नवंबर को मतदान होगा, जबकि 11 नवंबर को दूसरे चरण का मतदान होगा. वहीं, 14 नवंबर को परिणाम घोषित किए जाएंगे.
इन जिलों के लिए नामांकन: गोपालगंज, सीवान, सारण, मुजफ्फरपुर, वैशाली, दरभंगा, समस्तीपुर, सहरसा, खगड़िया, बेगुसराय, मुंगेर, लखीसराय, शेखपुरा, नालंदा, पटना, भोजपुर और बक्सर जिले में पहले चरण का मतदान होगा.
ये हैं महत्वपूर्ण सीटें: पहले चरण में कई महत्वपूर्ण सीटें शामिल हैं, जिनमें सहरसा, दरभंगा, मुजफ्फरपुर, गोपालगंज, सीवान, वैशाली, बेगुसराय, खगड़िया, नालंदा और पटना साहिब शामिल है. ये वो सीटें हैं, जो जनमत की दिशा तय कर सकता है.
प्रमुख दलों ने जारी नहीं की लिस्ट: इसके अलावा कुछ आरक्षित सीटें भी शामिल हैं, जैसे सिंहेश्वर , सोनबरसा, बखरी, राजगीर, फुलवारी, मसौढ़ी और अगिआंव. वहीं, अब तक किसी प्रमुख दल या गठबंधन ने अपने प्रत्याशियों की सूची जारी नहीं की है.
चुनावी मैदान में जन सुराज के 51 प्रत्याशी: एनडीए में सीट बंटवारे को लेकर मीटिंग चल रही हैं, जबकि महागठबंधन में भी सीट बंटवारे को लेकर घोषणा का इंतजार है. हालांकि जन सुराज पार्टी ने 51 उम्मीदवारों के नामों की घोषणा कर दी थी. पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष उदय सिंह ने प्रेसवार्ता आयोजित करके इसकी जानकारी दी थी.






