*_नीतीश कुमार जाएंगे राज्यसभा? बिहार में CM बदलने की चर्चा तेज_*
पटना: बिहार की राजनीति में बड़े बदलाव होंगे और यह सियासी चर्चा शुरू हो गई है. जेडीयू ने राज्यसभा की दो सीटों पर अपने उम्मीदवारों की घोषणा नहीं की है. पार्टी नेताओं के अनुसार केंद्रीय मंत्री रामनाथ ठाकुर का फिर से राज्यसभा जाना तय है लेकिन दूसरे नाम पर फैसला नहीं हुआ है, लगातार मंथन चल रहा है. नीतीश कुमार के गृह जिले से आने वाले ग्रामीण विकास मंत्री श्रवण कुमार ने यह बयान देकर हलचल मचा दिया कि निशांत राजनीति में एंट्री करेंगे. बाद में संजय गांधी, विजय कुमार चौधरी और अशोक चौधरी सरीखे तमाम बड़े नेताओं ने भी पुष्टि कर दी.
होली के दिन नीतीश की चर्चा: आज होली के दिन नीतीश कुमार को लेकर भी चर्चा शुरू हो गई कि नीतीश कुमार राज्यसभा जा रहे हैं. हालांकि इसकी पुष्टि कहीं से नहीं हुई. पहले निशांत को लेकर यह चर्चा हो रही थी कि राज्यसभा जाएंगे और पार्टी की कमान संभालेंगे लेकिन अब नीतीश कुमार को लेकर भी सियासी गलियारों में जो चर्चा है, उसके बाद यह कयास लगाए जाने लगे हैं कि बिहार में बड़े राजनीतिक बदलाव होंगे. नीतीश कुमार एग्जिट प्लान पर काम कर रहे हैं लेकिन इसकी कहीं से कोई पुष्टि नहीं हो रही है.
सरकार का चेहरा बदलने की चर्चा: गर नीतीश कुमार राज्यसभा जाएंगे तो जाहिर है कि मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा देना होगा. ऐसे में बिहार में बीजेपी का मुख्यमंत्री हो सकता है, जबकि निशांत को उपमुख्यमंत्री बनाया जा सकता है. इस तरह की चर्चा लगातार हो रही है. न तो इसकी पुष्टि आधिकारिक रूप से की जा रही है और ना ही इस मामले में अब तक जेडीयू का कोई बयान ही आया है.
कई विधायकों ने बातचीत में कहा कि यह सब खबर गलत है नीतीश कुमार अभी मुख्यमंत्री बने रहेंगे. आखिर विधायकों से भी तो सलाह ली जाएगी. यदि ऐसा कुछ होता है तो पहले विधायकों की बैठक बुलाई जाएगी लेकिन अब तक हम लोगों को कोई सूचना नहीं दी गई है. इस बीच मंत्री विजेंद्र प्रसाद यादव, विजय कुमार चौधरी और श्रवण कुमार सीएम आवास पहुंचे हैं. राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा पहले से ही वहां मौजूद हैं. माना जा रहा है कि आज ही कोई फैसला हो जाएगा.







