*_झारखंड में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू की सुरक्षा में भारी चूक, कारकेड के बीच घुसा स्कूटी सवार_*
रांची: राष्ट्रपति की सुरक्षा में बड़ी चूक सामने आई है, रांची एयरपोर्ट से निकलने के बाद जब राष्ट्रपति का काफिला रांची के किशोरगंज चौक से गुजर रहा था, उसी दौरान एक स्कूटी सवार काफिला के अंदर प्रवेश कर गया. हालांकि अलर्ट पुलिसकर्मियों ने तुरंत स्कूटी सवार को काफिले से बाहर निकाल कर हिरासत में ले लिया.
बड़ी चूक आई सामने
तीन दिवसीय दौरे पर झारखंड आई राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के सुरक्षा में राजधानी रांची में भारी चूक हुई है. राष्ट्रपति के काफिले में एक स्कूटी सवार प्रवेश कर गया, जबकि रांची एयरपोर्ट से लेकर लोक भवन तक हर रास्ते को पूरी तरह से सील कर दिया गया था. जैसे ही राष्ट्रपति का काफिला रांची के किशोरगंज चौक से निकला इस दौरान एक स्कूटी सवार काफिले के अंदर आ गया. मौके पर मौजूद पुलिसकर्मी ने उसे तुरंत रोक कर बाहर निकाला और हिरासत में ले लिया. हालांकि स्कूटी सवार के काफिले में आने की वजह से राष्ट्रपति का काफिला कहीं भी नहीं रुका, लेकिन राष्ट्रपति के सुरक्षा प्रोटोकॉल को देखते हुए इसे बड़ी चूक बताया जा रहा है.
राष्ट्रपति के काफिले में स्कूटी सवार के प्रवेश करने का वीडियो भी ईटीवी भारत के पास मौजूद है. वीडियो में यह साफ दिखाई दे रहा है कि राष्ट्रपति के वाहन समेत कई अन्य वाहनों के गुजरने के बाद बीच में अचानक एक स्कूटी सवार प्रवेश कर जाता है. जैसे ही स्कूटी सवार किशोरगंज चौक से पहले पहुंचता है उसे एक सुरक्षा कर्मी रोक लेता है और उसे किनारे ले जाता है.
स्कूटी सवार को काफिले से हटाने के बाद राष्ट्रपति के कारकेड की कई गाड़ियां उसके पीछे से गुजरती हैं. राष्ट्रपति की सुरक्षा में हुई चौक को लेकर फिलहाल रांची पुलिस के किसी भी वरीय अधिकारी ने कुछ भी नहीं कहा है. फिलहाल स्कूटी सवार को हिरासत में रखा गया है और उससे पूछताछ की जा रही है.






