*_दिल्ली में सफदरजंग एयरपोर्ट के सामने NDMC गोडाउन में लगी भीषण आग, 14 फायर गाड़ियां मौके पर_*
नई दिल्ली: दिल्ली में शुक्रवार को सफदरजंग एयरपोर्ट के सामने उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब फ्लाईओवर के पास स्थित NDMC के एक गोडाउन में भीषण आग लग गई. आग इतनी तेजी से फैली कि मौके से उठते धुएं के घने गुबार से आसमान ढंक गया, जिससे आसपास के लोगों में दहशत फैल गई. दमकल विभाग के अनुसार, शाम करीब 6:02 बजे आग लगने की सूचना मिली.
बताया गया कि सूचना मिलने के तुंरत बाद दमकल विभाग की तरफ से मौके पर पहुंचकर तुरंत राहत और बचाव कार्य शुरू किया गया. आग की गंभीरता को देखते हुए मौके पर दमकल की आठ गाड़ियां भेजी गईं. बाद में जरूरत पड़ने पर छह और फायर टेंडर मौके पर भेजे गए, जो लगातार आग पर काबू पाने की कोशिश में जुटी हुए हैं. गोडाउन में वेस्ट और प्लास्टिक सामग्री मौजूद होने के कारण आग ने विकराल रूप ले लिया. वहीं आग के चलते निकलने वाला धुआं काफी दूर तक देखा गया.
पास ही सफदरजंग एयरपोर्ट और फ्लाईओवर होने के चलते ट्रैफिक पर भी असर पड़ा. इसके चलते एहतियातन आसपास के इलाके में आवाजाही सीमित कर दी गई. वहीं पूरी घटना पर पुलिस नजर बनाए हुए है. फिलहाल घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है. दमकल कर्मियों को आग बुझाने में काफी मशक्कत करनी पड़ रही है. दमकल विभाग की तरफ से बताया गया कि आग पर काबू पाने का प्रयास जारी है और पूरी तरह स्थिति नियंत्रण में आने के बाद ही नुकसान का आकलन किया जा सकेगा. आग लगने के कारणों की जांच के बाद कुछ पुख्ता कहा जा सकता है.






