*_नोएडा में युवती ने दिल्ली पुलिस कॉन्स्टेबल की पिस्टल से खुद को मारी गोली, मामले में जांच शुरू_*
नई दिल्ली/नोएडा: ग्रेटर नोएडा वेस्ट के बिसरख थाना क्षेत्र से शुक्रवार को सनसनीखेज मामला सामने आया. यहां एक पार्टी के दौरान युवती ने दिल्ली पुलिस के कॉन्स्टेबल की पिस्टल से खुद को गोली मार ली. युवती को फौरन अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान युवती ने दम तोड़ दिया. पुलिस ने कॉन्स्टेबल को हिरासत में लेकर वारदात में इस्तेमाल की गई पिस्टल को जब्त कर लिया है.
थाना प्रभारी कृष्णा गोपाल शर्मा से मिली जानकारी के अनुसार, थाना बिसरख पर एक निजी अस्पताल का मेमो मिला था, जिसके अनुसार एक महिला को घायल अवस्था में भर्ती कराया गया है. बिसरख पुलिस ने जब मौके पर पहुंचकर जानकारी की तो पता चला एक व्यक्ति ने महिला को अस्पताल में उपचार के लिए भर्ती कराया था, जिसके बाद वह चला गया. डॉक्टर ने गन शॉट इंजरी बताई है. पुलिस ने घेराबंदी कर युवक को हिरासत में लिया तो पता चला कि वह दिल्ली पुलिस में हेड कॉन्स्टेबल है. घटना में इस्तेमाल हुई पिस्टल भी बरामद की गई है.
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, युवती अपनी सहेली के साथ सोसाइटी में एक पार्टी करने गई थी. वहां दिल्ली पुलिस का कॉन्स्टेबल और उसका एक दोस्त भी मौजूद था. बताया जा रहा है कि पार्टी के दौरान कॉन्स्टेबल के मोबाइल पर उसकी तलाकशुदा पत्नी का फोन आया, जिसे लेकर युवती और कॉन्स्टेबल के बीच तीखी बहस हुई. विवाद इतना बढ़ गया कि युवती ने पास रखी कॉन्स्टेबल की लाइसेंसी पिस्टल उठाकर खुद को गोली मार ली. पुलिस अब इस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है.
उक्त प्रकरण युवती द्वारा आत्महत्या के प्रयास से संबंधित है, थाना बिसरख पुलिस द्वारा जान देने के प्रयास में दुष्प्रेरण के संबंध में मुकदमा पंजीकृत करते हुए आरोपी आशीष को हिरासत में लेकर गहन पूछताछ की जा रही है. घटना मे प्रयुक्त शस्त्र की बरामदगी सुनिश्चित की गई है. घटना के सभी पहलुओं पर जांच की जा रही है. उल्लेखनीय है कि आरोपी शादीशुदा है तथा पीड़िता व आरोपी मित्र है.- एडिसीपी सेंट्रल नोएडा संतोष कुमार






