*_बिहार में महिला ने अपने 3 बच्चों के साथ खाया जहर, मां समेत चारों की मौत_*
बक्सर: बक्सर जिले के नया भोजपुर थाना क्षेत्र के एक गांव में मंगलवार की शाम दिल दहला देने वाली घटना सामने आई. बताया जा रहा है कि मोबाइल फोन की मांग पूरी न होने पर एक विवाहिता ने अपने तीन मासूम बच्चों के साथ जहर खा लिया. घटना में मां और तीनों बच्चों की मौत हो गई.
महिला ने 3 बच्चों संग खाया जहर, चारों की मौत : मिली जानकारी के अनुसार, नया भोजपुर गांव निवासी सुनील कुमार की 30 वर्षीय पत्नी सविता देवी ने मंगलवार दोपहर लगभग एक बजे घर में रखे कीटनाशक का सेवन कर लिया और अपने बच्चों को भी खिला दिया. परिजनों ने तत्काल सभी को डुमरांव अनुमंडलीय अस्पताल पहुंचाया, जहां से गंभीर स्थिति में चारों को सदर अस्पताल, बक्सर रेफर किया गया.
इलाज के दौरान चारों की मौत : इलाज के दौरान सविता देवी, उनकी पांच वर्षीय बेटी ज्योति और तीन वर्षीय बेटा आकाश ने दम तोड़ दिया. कुछ घंटे बाद 12 माह का बेटा विकास की भी मौत हो गई. विकास को गंभीर हालत में चिकित्सकों ने पीएमसीएच पटना रेफर किया था. जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई.
मोबाइल नहीं देने से बढ़ा विवाद : पति सुनील कुमार ने बताया कि ”सविता कुछ दिनों से मोबाइल फोन मांग रही थी. मंगलवार को जब उन्होंने फोन तो नहीं दिलाया, लेकिन उसे अपना फोन यूज करने की बात कही थी , तो उसने यह कदम उठा लिया.” उन्होंने बताया कि सविता उनकी तीसरी पत्नी थी. इससे पहले दो पत्नियों की मृत्यु हो चुकी है. पहली पत्नी से हुई बेटी ज्योति की भी इस हादसे में मौत हो गई. फिलहाल चारों की मौत से गांव में कोहराम मच गया है.
परिजन से मिली जानकारी : मृतका की परिजन देवांती ने बताया कि ”सविता लगातार अपने पति से दो फोन की मांग कर रही थी एक अपने लिए और एक अपने पिता के लिए. जिसके बाद उसके पति ने एक मोबाइल देने की बात कही थी .”
पुलिस ने शुरू की मामले की जांच : घटना की जानकारी मिलते ही टाउन थानाध्यक्ष मनोज कुमार सिंह दल-बल के साथ सदर अस्पताल पहुंचे और मामले की जांच की. पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आगे की कार्रवाई जारी है.गांव में इस घटना के बाद मातम का महौल है और परिजन महिला के ऐसे खौफनाक कदम से स्तब्ध हैं
”प्रारंभिक जांच में पारिवारिक कलह में महिला द्वारा इस तरह का कदम उठाए जाने की जानकारी मिली है. दो बच्चे समेत महिला की मौत हो गई है. जबकि एक बच्चे को रेफर किया गया है. मामले की जांच चल रही है.” – शुभम आर्य, पुलिस कप्तान







