*_सट्टेबाजी मामले में युवराज सिंह, सोनू सूद, उर्वशी रौतेला समेत कई हस्तियों पर कार्रवाई, संपत्ति जब्त_*

Spread the love

*_सट्टेबाजी मामले में युवराज सिंह, सोनू सूद, उर्वशी रौतेला समेत कई हस्तियों पर कार्रवाई, संपत्ति जब्त_*

नई दिल्ली : सट्टेबाजी से जुड़े मामलों में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने सख्त कार्रवाई की है. जिनके खिलाफ कार्रवाई की गई है, उनमें पूर्व क्रिकेटर युवराज सिंह, रॉबिन उथप्पा, एक्टर सोनू सूद, उर्वशी रौतेला, नेहा शर्मा और पूर्व सांसद मिमी चक्रवर्ती शामिल हैं. इन सभी व्यक्तियों की संपत्तियां जब्त की गई हैं. केंद्रीय एजेंसी सट्टेबाजी प्लेटफॉर्म से जुड़े कथित वित्तीय लेनदेन की अभी भी जांच कर ही रही है.

ईडी ने क्रिकेटर युवराज सिंह की ढाई करोड़ की संपत्ति जब्त की है, जबकि रॉबिन उथप्पा की 8.26 करोड़ की संपत्ति अटैच की गई है. इसी तरह से अभिनेता सोनू सूद की एक करोड़ की संपत्ति ईडी ने जब्त की है, जबकि उर्वशी रौतेला की 2.02 करोड़ की संपत्ति अटैच की गई है. उर्वशी की संपत्ति उनकी मां के नाम पर रजिस्टर्ड है. अभिनेत्री नेहा शर्मा की 1.26 करोड़ की संपत्ति जब्त की गई है. अंकुश हाजरा के नाम पर 47.20 लाख की संपत्ति थी, जिसे ईडी ने अटैच कर दिया है. मिमी चक्रवर्ती की 59 लाख रुपये की प्रॉपर्टी अटैच कर दी गई है.

 

युवराज सिंह – 2.5 करोड़

रॉबिन उथप्पा – 8.26 लाख

उर्वशी रौतेला – 2.02 करोड़

सोनू सूद – 1 करोड़

मिमी चक्रवर्ती – 59 लाख

अंकुश हाजरा – 47.20 लाख

नेहा शर्मा- 1.26 करोड़

ईडी ने अपने बयान में कहा, “जांच में पता चला है कि 1xBet और इसके सहयोगी ब्रांड 1xBat और 1xbat Sporting lines भारत भर में अवैध ऑनलाइन सट्टेबाजी और जुआ गतिविधियों को बढ़ावा देने और सुविधाजनक बनाने में शामिल थे.”

जांच एजेंसी ने बताया कि उसकी जांच में यह भी सामने आया है कि मशहूर हस्तियों ने कथित तौर पर जानबूझकर विदेशी संस्थाओं के साथ 1xBet के प्रचार के लिए विज्ञापन समझौते किए थे. ये विज्ञापन अवैध सट्टेबाजी गतिविधियों से प्राप्त धन से जुड़े अवैध स्रोतों को छिपाने के लिए विदेशी संस्थाओं के माध्यम से किए गए भुगतानों के बदले में दिए गए थे.ईडी की जांच में यह भी पता चला है कि 1xBet भारत में बिना अनुमति के संचालित हो रहा था और उसने सोशल मीडिया, ऑनलाइन वीडियो और प्रिंट मीडिया के माध्यम से भारतीय उपयोगकर्ताओं को लक्षित करने के लिए सहयोगी ब्रांडों और विज्ञापनों का इस्तेमाल किया. अवैध स्रोतों को छिपाने के लिए विदेशी बिचौलियों का उपयोग करके कई स्तरों पर लेनदेन के माध्यम से विज्ञापन किए गए थे.

सट्टेबाजी ऐप से जुड़े मामलों में ईडी पहले ही क्रिकेटर शिखर धवन और सुरेश रैना पर कार्रवाई कर चुकी है. सुरेश रैना की 6.64 करोड़ की संपत्ति और शिखर धवन की 4.55 करोड़ की संपत्ति अटैच की जा चुकी है. ईडी ने यह कार्रवाई 1xBet मामले में की है. ईडी ने जो जानकारी दी है, उसके मुताबिक इस मामले में अब तक 19.07 करोड़ की संपत्ति अटैच की जा चुकी है.

पूरा मामला कथित तौर पर अवैध बेटिंग ऐप से जुड़ा है. आरोप है कि उन्होंने या तो लुभावने एड के जरिए आम लोगों और निवेशकों को भ्रमित किया, या फिर करोड़ों की ठगी की या फिर उन्हें ऐसा करने के लिए गुमराह किया या फिर उन्होंने टैक्स की चोरी की है.

दरअसल सट्टेबाजी भी एक खेल है. यहां पर लोगों को अनुमान लगाकर पैसे लगाने होते हैं. ऐसे बहुत सारे ऐप उपलब्ध हैं. इनमें से एक ऐप है 1xBet. इस ऐप के जरिए लोग ऑनलाइन जुड़ते हैं और अपना-अपना दांव लगाते हैं. ईडी इस बात की जांच कर रही है कि कहीं इस ऐप के जरिए अवैध तरीके से फाइनेंशियल लेन-देन तो नहीं हुआ है. जांच अभी भी जारी है. आपको बता दें कि ईडी जब भी किसी भी व्यक्ति की संपत्ति अटैच करती है, तो इसका मतलब होता है कि उस संपत्ति को न तो आप बेच सकते हैं और न ही इसका फायदा उठा सकते हैं. एजेंसी भी इस संपत्ति को बेच नहीं सकती है. जब किसी भी व्यक्ति का नाम बेदाग साबित होकर निकल जाता है, तो फिर से वह संपत्ति उन्हें वापस कर दी जाती है.


Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *