*_मैंने कहा था वर्ल्ड ऑर्डर बदलेगा…धैर्य का परिणाम निकला, अमेरिका के साथ ट्रेड डील के बाद बोले पीएम मोदी_*

Spread the love

*_मैंने कहा था वर्ल्ड ऑर्डर बदलेगा…धैर्य का परिणाम निकला, अमेरिका के साथ ट्रेड डील के बाद बोले पीएम मोदी_*

नई दिल्ली: संसद भवन परिसर में आज राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) की संसदीय दल की बैठक में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का जोरदार स्वागत और सम्मान किया गया. यह सम्मान कल रात भारत और अमेरिका के बीच हुए ऐतिहासिक व्यापार समझौते यानी ट्रेड डील की सफलता के लिए किया गया.

इस मौके पर पीएम मोदी को घटक दलों के तमाम बड़े नेताओं ने मिलकर उन्हें माला पहनाया और भारत माता की जय और वंदे मातरम के नारे भी लगाए. किरेन रिजिजू ने सांसदों को इस डील के बारे में बताते हुए कहा कि इस डील के होने से देश में खुशी और उत्साह का माहौल बन गया है.

जहां एक तरफ इस डील से देश में उत्साह का माहौल है वहीं दूसरी तरफ कांग्रेस इसपर संसद में चर्चा की भी मांग कर रही है. कांग्रेस नेता जयराम रमेश ने एक्स के माध्यम से यूरोपियन यूनियन और अमेरिकी डील पर संसद में चर्चा की मांग की.

 

पीएम ने कहा कि आलोचना के बाद भी हमने धैर्य रखा और उसी धैर्य का अच्छा परिणाम निकला. उन्होंने कहा लोग आलोचना करते रहे मगर हमने धैर्य रखा, अमेरिका के साथ डील का अच्छा परिणाम निकला और देश के लिए एक अच्छा माहौल तैयार हुआ.

संसद परिसर में हुई एनडीए संसदीय दल की बैठक में एनडीए के सभी सहयोगी दलों के प्रमुख नेता और सांसद मौजूद थे. बैठक में प्रधानमंत्री मोदी के पहुंचते ही सांसदों ने ‘भारत माता की जय’ और ‘वंदे मातरम’ के जोरदार नारों के साथ उनका स्वागत किया.

एनडीए के वरिष्ठ नेताओं ने मिलकर पीएम मोदी को फूलों की माला पहनाई और सम्मानित किया. विशेष रूप से एनसीपी के वरिष्ठ नेता प्रफुल्ल पटेल ने प्रधानमंत्री को माला पहनाकर बधाई दी. भाजपा के वरिष्ठ नेताओं के साथ-साथ सभी सहयोगी दलों के प्रतिनिधि इस अवसर पर उपस्थित थे.

इस मौके पर भाजपा अध्यक्ष नितिन नबीन भी मौजूद थे और पीएम के स्वागत की अगुवाई भी की. बैठक में केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू ने सभी सांसदों को भारत-अमेरिका ट्रेड डील की विस्तृत जानकारी दी. उन्होंने बताया कि अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने घोषणा की है कि भारत से आयातित वस्तुओं पर लगने वाला रेसिप्रोकल टैरिफ 25फीसदी से घटाकर 18 प्रतिशत कर दिया गया है.

यह समझौता भारतीय निर्यातकों, विशेषकर ‘मेड इन इंडिया’ उत्पादों के लिए बड़ी राहत लेकर आया है. उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने कार्यकाल में कई महत्वपूर्ण ट्रेड डील्स को अंतिम रूप दिया है, जिनमें भारत-यूएई व्यापार समझौता, भारत-ब्रिटेन फ्री ट्रेड एग्रीमेंट और अब भारत-अमेरिका ट्रेड डील शामिल हैं.

इन सभी समझौतों से भारत वैश्विक स्तर पर मजबूत साझेदार के रूप में उभर रहा है. दुनिया के कई देश अब भारत के साथ व्यापारिक साझेदारी बढ़ाने के लिए उत्सुक हैं. केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू ने इसे ऐतिहासिक उपलब्धि करार देते हुए प्रधानमंत्री के दूरदर्शी नेतृत्व की सराहना की. उन्होंने ये भी कहा कि ये ट्रेड डील्स न केवल अर्थव्यवस्था को मजबूत कर रही है, बल्कि भारत को वैश्विक मंच पर नई ऊंचाइयों तक पहुंचा रही है.

 

प्रधानमंत्री मोदी ने सभी सांसदों से अपील की कि वे एकजुट होकर देशहित में काम करें और विकास की गति को और तेज करें. इस डील को लेकर एनडीए गठबंधन के नेताओं में भी खासा उत्साह देखने को मिला और सभी ने एनडीए गठबंधन की मजबूती और प्रधानमंत्री मोदी के प्रति पूर्ण विश्वास को एक बार फिर से दोहराया. कहा जा सकता है कि बजट सत्र के बीच हुई इस डील और उसके बाद ही इस बैठक ने सत्तापक्ष में नई ऊर्जा का संचार कर दिया है.

संसदीय दल की बैठक में पीएम मोदी की प्रमुख बातें…

 

सभी सांसद सदन में मौजूद रहे, चर्चा में हिस्सा लें.

 

बजट की उपलब्धियों को लेकर जनता के बीच जाने, उनको बताएं.

 

अमेरिकी ट्रेड डील से अच्छा वातावरण बना. लोग आलोचना कर रहे थे पर हमने धैर्य रखा उसका परिणाम निकला.

अब मैन्यूफ़ैक्चरिंग बढे और क्वालिटी प्रोडक्ट बनाए.

पीएम ने कहा कि मैने कहा था कि वर्ल्ड ऑर्डर चेंज हो रहा है, कोविड के बाद वो दिख रहा है और आज वर्ल्ड ऑर्डर भारत के पक्ष में ट्विस्ट हो रहा है.

पीएम ने केरल से राज्यसभा सांसद सदानंद मास्टर का जिक्र किया कि एक कार्यकता का का ये बलिदान है कि उनका पैर काट दिया गया.

 

पीएम ने कहा कि ये बजट अगले 25 साल को ध्यान में रखकर बनाया गया है. सांसद इस बारे में जनता को बताएं.

पीएम ने राजनीतिक परिस्थितियों का भी जिक्र किया और कहा कि देशभर में बहुत छोटे छोटे दल ऐसे हैं जो हमारे साथ आ रहे हैं ये तादात 50 फीसदी से भी अधिक है. ये दिखाता है कि हमारी राजनीतिक सोच की देश और विदेश में कितनी स्वीकार्यता है.


Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *