*_जाली नोट और रुपया डबलिंग केस में भाजपा के पूर्व प्रवक्ता के घर हरियाणा-बिहार STF की छापेमारी_*

Spread the love

*_जाली नोट और रुपया डबलिंग केस में भाजपा के पूर्व प्रवक्ता के घर हरियाणा-बिहार STF की छापेमारी_*

समस्तीपुर : जाली नोट और रुपया डबलिंग के नाम पर ठगी से जुड़े एक गंभीर मामले में बिहार के समस्तीपुर जिले से बड़ी खबर सामने आई है. हरियाणा और बिहार की स्पेशल टास्क फोर्स ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए एक राजनीतिक रूप से जुड़े व्यक्ति के घर छापेमारी की है. इस कार्रवाई के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है और लोग तरह-तरह की चर्चाएं कर रहे हैं.

संयुक्त STF कार्रवाई से गांव में दहशत : हरियाणा एसटीएफ और बिहार एसटीएफ की संयुक्त टीम ने समस्तीपुर में छापेमारी की. कार्रवाई दलसिंहसराय अनुमंडल के अजनौल गांव में की गई. STF और स्थानीय थाना पुलिस के डेरा डालते ही गांव में दहशत का माहौल बन गया.

रुपया डबलिंग के नाम पर ठगी का आरोप : सूत्रों के अनुसार मामला हरियाणा में दर्ज एक ठगी और लूट की प्राथमिकी से जुड़ा है. आरोप है कि एक व्यक्ति से दो लाख रुपये लेकर चार लाख रुपये देने का झांसा दिया गया. रुपयों के लेन-देन के बाद रास्ते में लूट की वारदात को अंजाम दिया गया.

पंकज कुमार लाल का नाम आया सामने : इस पूरे मामले में पंकज कुमार लाल का नाम सामने आने के बाद जांच तेज हुई. हरियाणा STF ने मामले की कड़ियां बिहार से जुड़ती देख बिहार STF से संपर्क किया. इसके बाद संयुक्त टीम बनाकर अजनौल गांव में छापेमारी की गई.

घर की तलाशी और इलाके की घेराबंदी : STF टीम ने पंकज कुमार लाल के आवास की गहन तलाशी ली. छापेमारी के दौरान घर के आसपास के पूरे इलाके को घेर लिया गया. ग्रामीणों के मुताबिक किसी भी बाहरी व्यक्ति को घर के नजदीक नहीं जाने दिया गया.

 

भाजपा का पूर्व प्रवक्ता था पंकज : बताया जाता है कि पंकज कुमार लाल पूर्व में भारतीय जनता पार्टी के जिला प्रवक्ता रह चुके हैं. फिलहाल वे रेलवे के लिए नीर-नीर पानी की सप्लाई के काम से जुड़े बताए जाते हैं. इसके अलावा विभूतिपुर थाना क्षेत्र के कल्याणपुर में रिक्शा एजेंसी भी संचालित करते हैं.

तीन करोड़ से अधिक का आलीशान मकान : जानकारी के अनुसार करीब दो वर्ष पहले उन्होंने अजनौल गांव में जमीन खरीदी थी. इसके बाद लगभग तीन करोड़ रुपये से अधिक की लागत से आलीशान मकान का निर्माण शुरू कराया गया. मकान का निर्माण कार्य अभी भी जारी बताया जा रहा है.

जांच के दायरे में संपत्ति और नेटवर्क : STF की टीम इस बात की भी जांच कर रही है कि संपत्ति का स्रोत क्या है. साथ ही जाली नोट और रुपया डबलिंग गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की तलाश की जा रही है. संभावना जताई जा रही है कि यह मामला किसी बड़े नेटवर्क से जुड़ा हो सकता है.

DSP का बयान : दलसिंहसराय DSP विवेक शर्मा ने छापेमारी की पुष्टि की है. उन्होंने कहा कि कार्रवाई अभी जारी है और जांच पूरी होने के बाद ही स्थिति स्पष्ट होगी. छापेमारी समाप्त होने के बाद पूरे मामले की आधिकारिक जानकारी दी जाएगी.


Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *