*_गन्ने के खेत में ले जाकर छात्रा से गैंगरेप, बिना कपड़ों के गांव पहुंची पीड़िता, मचा हड़कंप_*
सांगली (महाराष्ट्र): सांगली जिले के ईश्वरपुर थाने क्षेत्र में 14 साल की लड़की के साथ दुष्कर्म करने के आरोप में पुलिस ने दो लोगों को गिरफ्तार किया है. यह घटना 16 दिसंबर को वालवा तालुका के एक गांव में हुई. आरोप है कि 16 दिसंबर को रात करीब 8:30 बजे आठवीं कक्षा में पढ़ने वाली लड़की के साथ गन्ने के खेत में दो युवकों ने गैंगरेप किया.आरोपियों ने पीड़िता को पीटा और दुष्कर्म करने के बाद उसे नग्न अवस्था में छोड़कर भाग गए. जब पीड़िता पूरी तरह नग्न अवस्था में एक किलोमीटर चलकर गांव वापस लौटी तो इस घटना से सनसनी फैल गई.
पुलिस द्वारा गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान ऋतिक महापुरे और आशीष खंबे के रूप में हुई है. बताया गया है कि मानवता को शर्मसार करने वाली इस चौंकाने वाली घटना से स्थानीय लोगों में आक्रोश है.
बताया गया है कि एक आरोपी ऋतिक महापुरे पीड़िता का परिचित है. शाम को जब पीड़िता घर पर थी, तो आरोपी ऋतिक महापुरे ने उसे फोन किया और बाहर आने को कहा. परिचित होने के कारण पीड़िता उसकी बाइक पर बैठ गई. फिर, ऋतिक और उसका दोस्त आशीष लड़की को गांव के बाहर गन्ने के खेत में ले गए.
आरोप है कि वहां, ऋतिक ने पीड़िता से कपड़े उतारने को कहा. जब उसने मना किया, तो ऋतिक ने अपनी बेल्ट निकालकर उसे पीटना शुरू कर दिया. लड़की चिल्लाने लगी. उसी समय, दूसरे आरोपी आशीष खंबे ने पीड़िता का मुंह बंद कर दिया, उसे जान से मारने की धमकी दी और जबरदस्ती उसके कपड़े उतरवा दिए. फिर, दोनों ने उसके साथ दुष्कर्म किया. बाद मे दोनों आरोपी पीड़िता को नग्न अवस्था में छोड़कर भाग गए. डरी-सहमी पीड़िता रात 12:00 बजे के आसपास बिना कपड़ों के एक किलोमीटर चलकर गांव पहुंची. इसके बाद गांव वालों ने ईश्वरपुर पुलिस थाने को घटना की सूचना दी.
सूचना मिलने के बाद महिला पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचीं और पीड़ित लड़की को थाने ले आई. पुलिस थाने में पुलिस ने पीड़ित लड़की से घटना के बारे में पूछताछ की. इस दौरान पीड़ित लड़की ने अपने साथ हुई घिनौनी घटना के बारे में बताया. इसके बाद, ईश्वरपुर पुलिस ने पीड़ित लड़की की मां की शिकायत के आधार पर दो आरोपियों ऋतिक महापुरे (उम्र 27) और आशीष खंबे (उम्र 31) के खिलाफ पॉक्सो एक्ट सहित कई धाराओं के तहत मामला दर्ज किया. बाद में ईश्वरपुर पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर लिया.
घटना के बारे में ईश्वरपुर पुलिस थाने के वरिष्ठ इंस्पेक्टर सोमनाथ वाघ ने कहा, “16 दिसंबर की रात करीब 12:30 बजे कुछ नागरिकों ने 112 हेल्पलाइन नंबर पर कॉल किया. हमारी महिला अधिकारी तुरंत मौके पर पहुंचीं और लड़की को ढूंढ निकाला. उसे पुलिस स्टेशन लाने के बाद हमने उससे आगे पूछताछ की. उसने बताया कि दो आरोपी, ऋतिक महापुरे और आशीष खंबे, जिन्हें वह जानती थी, ने उसके साथ दुष्कर्म किया. इस मामले में पीड़ित लड़की की मां ने शिकायत दर्ज कराई है, और उसी के आधार पर ऋतिक महापुरे और आशीष खंबे के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है. उन्हें गिरफ्तार भी कर लिया गया है. इस मामले में जल्द ही कोर्ट में चार्जशीट दाखिल की जाएगी.”
पुलिस के मुताबिक, आरोपी ऋतिक महापुरे और पीड़ित लड़की एक-दूसरे को जानते थे, और ऋतिक महापुरे और उसके दोस्त ने इसी जान-पहचान का फायदा उठाकर यह घिनौना काम किया. ऋतिक महापुरे एक हिस्ट्री शीटर अपराधी है और उसका आपराधिक रिकॉर्ड है. उस पर पहले भी MCOCA (महाराष्ट्र संगठित अपराध नियंत्रण अधिनियम) के तहत कार्रवाई हो चुकी है. पुलिस ने यह भी बताया है कि उसके खिलाफ हत्या, मारपीट, हत्या की कोशिश और चोरी जैसे गंभीर अपराध दर्ज हैं.







