*_गणतंत्र दिवस से पहले धमकी के बाद खालिस्तानी आतंकी पन्नू के खिलाफ दिल्ली में FIR दर्ज_*

Spread the love

*_गणतंत्र दिवस से पहले धमकी के बाद खालिस्तानी आतंकी पन्नू के खिलाफ दिल्ली में FIR दर्ज_*

नई दिल्ली: दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने खालिस्तानी आतंकी संगठन ‘सिख फॉर जस्टिस’ (SFJ) के प्रमुख गुरपतवंत सिंह पन्नू के खिलाफ एक नई एफआईआर (FIR) दर्ज की है. यह कार्रवाई पन्नू द्वारा सोशल मीडिया पर जारी उस वीडियो के बाद की गई है, जिसमें उसने दिल्ली में गड़बड़ी फैलाने की धमकी दी थी. पन्नू पर भारत के खिलाफ साजिश रचने और देश की संप्रभुता, एकता व अखंडता को नुकसान पहुंचाने का गंभीर आरोप लगाया गया है.

दरअसल, सिख्स फॉर जस्टिस की ओर से सोशल मीडिया पर एक वीडियो जारी किया गया था, जिसमें दिल्ली के अलग-अलग इलाकों में सरकारी संपत्तियों पर खालिस्तान समर्थक नारे लिखे जाने का दावा किया गया.वीडियो में रोहिणी स्थित एक एमसीडी प्राथमिक स्कूल और दक्षिण-पश्चिम दिल्ली के डाबड़ी मोड़ फ्लाईओवर पर नारे दिखाए गए. संगठन ने इसे गणतंत्र दिवस से पहले राजनीतिक संदेश देने की कार्रवाई बताया.

इस वीडियो के सामने आने के बाद दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने स्वतः संज्ञान लेते हुए पन्नू के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है. पुलिस के अनुसार पन्नू ने वीडियो के जरिए 26 जनवरी को गड़बड़ी फैलाने और अंतरराष्ट्रीय मंच पर भारत को बदनाम करने की धमकी दी थी, जिसे राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए गंभीर खतरे के रूप में देखा जा रहा है.

हालांकि शुरुआती जांच में दिल्ली पुलिस को वीडियो में किए गए दावों के अनुरूप कोई पोस्टर या ग्रैफिटी बरामद नहीं हुई है, लेकिन इसके बावजूद मामले को हल्के में नहीं लिया जा रहा. स्पेशल सेल और खुफिया एजेंसियां सोशल मीडिया अकाउंट्स, वीडियो के स्रोत और इससे जुड़े नेटवर्क की गहराई से जांच कर रही हैं.

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि इस तरह के वीडियो और बयान अक्सर डर का माहौल बनाने और अंतरराष्ट्रीय ध्यान आकर्षित करने के उद्देश्य से जारी किए जाते हैं. गणतंत्र दिवस के मद्देनजर राजधानी में पहले से ही बहुस्तरीय सुरक्षा व्यवस्था लागू है और किसी भी देशविरोधी गतिविधि से सख्ती से निपटने के निर्देश दिए गए हैं. जांच एजेंसियां पन्नू और उसके समर्थकों की गतिविधियों पर कड़ी नजर बनाए हुए हैं और मामले में आगे और कानूनी कार्रवाई की जा सकती है.


Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *