*_जिंदा लोगों को मरा बताकर करोड़ों का स्कैम, नगर निगम और बैंक कर्मी पर FIR_*

Spread the love

*_जिंदा लोगों को मरा बताकर करोड़ों का स्कैम, नगर निगम और बैंक कर्मी पर FIR_*

ग्वालियर: चंबल अंचल में प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना में बड़ा फर्जीवाड़ा सामने आया है. ईओडब्ल्यू की जांच में ऐसे मामलों का खुलासा हुआ है, जिनमें जिंदा लोगों को फर्जी दस्तावेजों से मृत और मरे लोगों को जिंदा दिखाकर सरकारी योजना के तहत जारी होने वाली क्लेम की राशि हड़प ली गई है. इन मामलों में नगर निगम और बैंक कर्मियों पर मिलीभगत के आरोप लगे हैं. वहीं गबन में शामिल आरोपियों के खिलाफ ईओडब्ल्यू में मामला दर्ज हुआ है.

क्या है पूरा मामला?

ग्वालियर ईओडब्ल्यू के पास शिकायत दर्ज कराई गई थी कि भारत सरकार की महत्वाकांक्षी प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना में फर्जीवाड़ा किया जा रहा है. चंबल अंचल में धोखाधड़ी कर क्लेम राशि निकलवाने वाले कई गिरोह एक साथ काम कर रहे हैं. इसके लिए मृत लोगों को पहले जिंदा बताकर उनका बीमा कराते हैं और फिर उन्हें मृत दिखाकर बीमा योजना क्लेम कर 2 लाख रुपए की राशि निकाल लेते हैं. इस तरह शासन को इस योजना की आड़ में करोड़ों का चूना लगाया जा रहा है.

6 केस में 5 फर्जी मिले

शिकायत के आधार पर ग्वालियर ईओडब्ल्यू ने मामला जांच में लिया और ग्वालियर चंबल संभाग में साल 2020 जनवरी से 2024 दिसंबर तक जिन 8 बीमा कंपनियों ने क्लेम इश्यू किए, उन प्रकरणों की जांच की. जिसमें चंबल संभाग के श्योपुर में स्टार यूनियन दाईची लाइफ इंश्योरेंस कंपनी लिमिटेड द्वारा क्लेम किए गए 50 प्रकरणों की जांच की गई. जिसमें अभी तक 6 केस की इन्वेस्टीगेशन पूरी हो गई है, लेकिन चौंकाने वाली बात यह थी की इन 6 में से 5 केस फर्जी थे. यहां फर्जी दस्तावेजों के जरिए 2-2 लाख के हिसाब से 10 लाख रुपये की धोखाधड़ी की गई थी.

इस मामले में ग्वालियर नगर निगम के कर्मचारियों की भी मिलीभगत सामने आई है. ईओडब्ल्यू द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार इन फर्जी प्रकरणों के लिए तैयार कराए गए कूटरचित मृत्यु प्रमाण पत्र ग्वालियर नगर निगम के जन्म मृत्यु शाखा के तत्कालीन कर्मचारियों द्वारा तैयार कराए गए थे. इनके अलावा बैंक कर्मचारियों की भी मिली भगत इस जांच में पाई गई है. श्योपुर के प्रकरणों के आधार पर ईओडब्ल्यू ने प्रथम दृष्टया दीपमाला मिश्रा, जिगनेश प्रजापति, नवीन मित्तल, पूजा कुमारी और नगर निगम ग्वालियर जन्म-मृत्यु शाखा के तत्कालीन कर्मचारियों, यूनियन बैंक ऑफ इंडिया ब्रांच श्योपुर के खिलाफ मामला दर्ज किया है.

‘ग्वालियर नगर निगम में बनवाए गए थे फर्जी दस्तावेज’

ईओडब्ल्यू ग्वालियर के निरीक्षक शैलेंद्र सिंह कुशवाहा का कहना है कि,”शिकायत पर की गई जांच के आधार पर प्रथम दृष्टया अभी इस फर्जीवाड़ा के जरिए लाभ लेने वाले 4 लोगों पर मामला दर्ज हुआ. इसके साथ ही जो फर्जी मृत्यु प्रमाण पत्र ग्वालियर नगर निगम में बनवाये गए थे. ऐसे में नगर निगम के तत्कालीन कर्मचारियों और बैंक कर्मियों की भी मिलीभगत सामने आई है. उनके खिलाफ भी गहन जांच की जा रही है.”

 

ग्वालियर में 5 केस में दर्ज है मामला

 

पूर्व में बीमा कम्पनी एक्सिस मैक्स लाइफ इंश्योरेंस, एसबीआई लाइफ इंश्योरेंस के 15 प्रकरण की जांच कर जिला ग्वालियर से संबंधित 5 केस में दीपमाला मिश्रा ग्वालियर, जिग्नेश प्रजापति ग्वालियर, उत्कर्ष स्मॉल फाइनेंस बैंक सिटी सेंटर ग्वालियर के तत्कालीन कर्मचारी विवेक दुबे के खिलाफ मामला दर्ज हो चुका है.

 

भिंड और मुरैना में भी पकड़ाए थे मामले

 

मुरैना से संबंधित 5 प्रकरणों में मुरैना के मानसिंह कुशवाह, बल्लेसस किरार, प्रदीप कुशवाह, रिंकु सिंह कुशवाह, सगुनी सिंह कुशवाह और भिंड के बड़पुरा ग्राम सचिव सूरतराम कुशवाह के खिलाफ मामला दर्ज किया गया. वहीं जिला भिण्ड से संबंधित 5 प्रकरणों में बालेन्द्र सिंह कुशवाह जिला मुरैना, सतीश परिहार जिला ग्वालियर, निखिल विमल जिला भिंड, भोलू सिंह जिला भिंड, सूरतराम कुशवाह, सचिव ग्राम पंचायत बडपुरा अटेर भिंड और अन्य के खिलाफ मामला दर्ज किया जा चुका है, जिनकी वर्तमान में जांच की जा रही है.


Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *