*_उत्तराखंड में आर्मी कैंटीन के स्टोर में लगी भयानक आग, बुझाने के प्रयास जारी_*

Spread the love

*_उत्तराखंड में आर्मी कैंटीन के स्टोर में लगी भयानक आग, बुझाने के प्रयास जारी_*

चमोली: उत्तराखंड के ज्योतिर्मठ (जोशीमठ) में औली रोड पर स्थित आर्मी कैंप के अंदर एक स्टोर में अचानक भीषण आग लग गई. आग लगने की घटना के बाद पूरे कैंप परिसर में अफरा तफरी मच गई. तेज हवाओं के चलते आग तेजी से फैलने लगी. घटना की जानकारी मिलती ही सेना की फायर ब्रिगेड और जवान तत्काल मौके पर पहुंचे, जो आग पर काबू पाने की कोशिश में जुटे हुए हैं.

कैंटीन के स्टोर में रखा सामान जला: फिलहाल, स्टोर के अंदर रखे सामान को बचाने का काम चल रहा है, लेकिन आग की लपटें इतनी तेज है कि स्टोर में रखा काफी सामान जल गया है. उधर, आग लगने की सूचना मिलते ही हड़कंप सा मचा हुआ है. घटनास्थल के पास आसमान में काले धुएं का गुबार देखने को मिल रहा है, जो काफी डरावना नजर आ रहा है.

कोतवाल देवेंद्र रावत ने बताया कि ज्योतिर्मठ के आर्मी कैंप के स्टोर में 2 बजे अचानक आग लग गई. बताया जा रहा है कि आर्मी कैंप के स्टोर में पुराना यानी यूजलेस सामान रखा हुआ था. उसमें अचानक आग लग गई और आग इतनी तेजी से फैली कि आग की लपटें और धुआं फैलने से लोग सहम गए.

फिलहाल, आर्मी, आईटीबीपी, फायर सर्विस की टीम मौके पर आग पर काबू पाने की कोशिश कर रही है. जल्द ही आग पर काबू पा लिया जाएगा. आग लगने के कारणों का अभी तक कुछ पता नहीं चल पा रहा है. आर्मी के लगभग 100 जवान मौके पर मौजूद हैं. 1 घंटे से ज्यादा समय हो गया है, लेकिन आग पर अभी तक काबू नहीं पाया जा सका है.

इन जगहों पर भी दर्ज हो चुकी अग्निकांड की घटनाएं: बीती 28 दिसंबर को रुद्रप्रयाग के पर्यटक स्थल चोपता में स्थित कूड़े घर में भी भयंकर आग लग गई थी. आग इतनी भयानक थी कि उसे बुझाया भी नहीं जा सका. जिससे कूड़ा घर जलकर राख हो गया था. इसके अगले दिन यानी 29 दिसंबर को उत्तरकाशी जिले के मोरी ब्लॉक के सट्टा गांव में दो आवासीय भवन जलकर राख हो गए थे.

इस अग्निकांड में एक व्यक्ति की आग में झुलसने की सूचना मिली थी. वहीं, 31 दिसंबर की तड़के नैनीताल के बीडी पांडे अस्पताल के गोदाम में भी भीषण आग लग गई थी. जिसमें सामान और दोपहिया वाहन जलकर खाक हो गया था. नैनीताल में 3 महीने के भीतर आग लगने की यह तीसरी घटना थी.

सर्दियों में भी सुलग रहे जंगल: इसके अलावा इन दिनों मौसम रुखा होने की वजह से भी जंगल धधक रहे हैं. अल्मोड़ा, नैनीताल, चमोली जिले में कई जगहों पर वनाग्नि की घटनाएं दर्ज की गई. चमोली में गोविंद घाट रेंज में आग लगने के बाद तो चारों तरफ धुआं ही धुआं फैल गया था. हालांकि, बमुश्किल वनकर्मियों ने आग पर काबू पाया था.


Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *