*_हरिद्वार में दो गुटों में खूनी संघर्ष, फायरिंग में एक युवक की मौत, गांव में भारी पुलिस बल तैनात_*
रुड़की: हरिद्वार जिले के भगवानपुर थाना क्षेत्र में रविदास शोभायात्रा संपन्न होने के बाद दो गुटों में खूनी संघर्ष हो गया. इस दौरान दोनों पक्षों के बीच जमकर गोलियां चली. फायरिंग के दौरान एक युवक की मौत हो गई. जबकि, उसके भाई और दो अन्य को भी गोली लगी है. सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंच गई है. वहीं, गोलीकांड के बाद एक पक्ष की ओर से हमलावर पक्ष के घरों में आगजनी और तोड़फोड़ भी की गई है फिलहाल, कई थानों की पुलिस मौके पर मौजूद है.
बिनारसी गांव में शोभायात्रा के दौरान दो पक्षों में हुई कहासुनी: जानकारी के मुताबिक, भगवानपुर थाना क्षेत्र के बिनारसी गांव में संत रविदास जयंती की शोभायात्रा के दौरान किसी बात को लेकर दो पक्षों में कहासुनी हुई थी. इस दौरान मौके पर मौजूद लोगों ने बीच-बचाव कर उन्हें शांत करा दिया था. बताया जा रहा है कि स्थिति को भांपते हुए पुलिस ने जल्दबाजी में शोभायात्रा को संपन्न कराया.
फायरिंग में एक युवक की मौत, दो घायल: वहीं, शोभायात्रा समाप्त होने के बाद दोनों पक्ष फिर से आमने-सामने आ गए और मामले ने तूल पकड़ लिया. देखते ही देखते अचानक दोनों पक्षों में फायरिंग शुरू हो गई. इसके साथ पथराव भी शुरू हो गया. इस दौरान आनंद निवासी ग्राम बिनारसी की मौत हो गई. वहीं, उसका भाई विकास और योगेंद्र घायल हो गए. पुलिस ने दोनों घायलों को रुड़की के सरकारी अस्पताल में उपचार के लिए भर्ती कराया है.
गांव में तनाव का माहौल, भारी पुलिस फोर्स तैनात: बिनारसी गांव में तनाव की स्थिति को देखते हुए मौके पर भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है. फिलहाल, आसपास के कई थानों की पुलिस मौके पर मौजूद है. पुलिस की ओर से गांव में नजर रखी जा रही है. पुलिस ने लोगों से शांति व्यवस्था बनाने और अफवाह पर ध्यान न देने की अपील की है.
संघर्ष में मौत-
आनंद पुत्र लक्ष्मीकांत (उम्र 28 वर्ष), निवासी- बिनारसी, भगवानपुर, हरिद्वार
संघर्ष में घायल-
विकास पुत्र लक्ष्मीकांत (उम्र 25 वर्ष), निवासी- बिनारसी, भगवानपुर, हरिद्वार
योगेंद्र (उम्र 27 वर्ष), निवासी- बिनारसी, भगवानपुर, हरिद्वार
“शोभायात्रा के बाद प्रसाद वितरण के दौरान एक ही पक्ष के लोगों में किसी बात को लेकर अचानक विवाद हुआ है. अभी तक जांच में सामने आया है कि एक दो साल पहले बच्चा-बच्ची को लेकर कुछ बातें सामने आई थी, लेकिन अभी स्थिति साफ नहीं है. एक युवक की गोली लगने से मौत हुई है. दो लोग घायल हुए हैं.”- शेखर चंद्र सुयाल, एसपी देहात
“ग्रामीणों को समझा बुझाकर शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया गया है. मामले की सभी पहलुओं पर जांच पड़ताल की जा रही है. गांव में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल तैनात किया गया है. तहरीर मिलने पर कार्रवाई अमल में लाई जाएगी.”- शेखर चंद्र सुयाल, एसपी देहात






