*_भरथ थम्मिनेनी बने पहले भारतीय जिन्होंने 9 ‘एट थाउज़ेंडर’ चोटियाँ फतह कीं_*
नईदिल्ली। भारत के पर्वतारोहण इतिहास में नया अध्याय जुड़ गया है। आंध्र प्रदेश के कर्नूल जिले के 36 वर्षीय पर्वतारोही भरथ थम्मिनेनी ने सोमवार सुबह चीन के समयानुसार 6:55 बजे चो ओयू (8,188 मीटर) के शिखर पर पहुँचकर यह ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल की।इस चढ़ाई के साथ उन्होंने 8,000 मीटर से ऊँची नौ चोटियों पर सफलतापूर्वक आरोहण कर भारतीय पर्वतारोहण को नई ऊँचाइयों तक पहुँचाया।
भरथ थम्मिनेनी Boots & Crampons संस्था के संस्थापक भी हैं। उन्होंने यह अभियान नेपाल की संस्था Climbalaya के सहयोग से स्व-समर्थित (self-supported) रूप में पूरा किया। इस सफलता के साथ वे भारत के सबसे सफल उच्च-ऊँचाई पर्वतारोहियों में शामिल हो गए हैं।
भरथ ने अपनी उपलब्धि को समर्पित करते हुए कहा, “यह सिर्फ मेरी व्यक्तिगत जीत नहीं है, बल्कि उन सभी भारतीय पर्वतारोहियों को समर्पित है जो दुनिया की सबसे ऊँची चोटियों को छूने का सपना देखते हैं। यह मेरे परिवार, दोस्तों और टीम को भी समर्पित है जिन्होंने हर कदम पर मेरा साथ दिया।”
भरथ ने अब तक नौ 8,000 मीटर से ऊँची चोटियों पर चढ़ाई की है:
माउंट एवरेस्ट (8,848 मीटर) – मई 2017
मानसलू (8,163 मीटर) – सितंबर 2018
ल्होत्से (8,516 मीटर) – मई 2019
अन्नपूर्णा I (8,091 मीटर) – मार्च 2022
कंचनजंगा (8,586 मीटर) – अप्रैल 2022
मकालू (8,485 मीटर) – मई 2023
शिशपांगमा (8,027 मीटर) – अक्टूबर 2024
धौलागिरी (8,167 मीटर) – अप्रैल 2025
चो ओयू (8,188 मीटर) – अक्टूबर 2025
भरथ थम्मिनेनी ने न केवल भारतीय पर्वतारोहण में इतिहास रचा, बल्कि युवाओं को इस क्षेत्र में प्रेरित करने का भी महत्वपूर्ण काम किया है। उनके नेतृत्व में Everest 2025 अभियान में कई ऐतिहासिक उपलब्धियाँ दर्ज हुईं।






