*_कुछ देर में उत्तराखंड पहुंचेंगे अमित शाह, चप्पे-चप्पे पर पुलिस तैनात, जानिए कार्यक्रम का शेड्यूल_*
ऋषिकेश: केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह आज 21 जनवरी को दो दिवसीय दौरे पर उत्तराखंड आ रहे हैं. गृह मंत्री अमित शाह हरिद्वार और ऋषिकेश में कुछ कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगे. गृह मंत्री अमित शाह के कार्यक्रमों को देखते हुए हरिद्वार और ऋषिकेश में पुलिस ने सुरक्षा के पुख्ता इंतजामात किए हुए हैं. पूरे इलाके को छावनी में तब्दील कर दिया गया है.
पुलिस छावनी में तब्दील हुआ स्वर्गाश्रम क्षेत्र: दरअसल, गीता प्रेस से प्रकाशित होने वाली मासिक पत्रिका कल्याण के जनवरी में 100 साल पूरे हो रहे है. इसी उपलक्ष 20 से 22 जनवरी तक गीता भवन स्वर्ग आश्रम में शताब्दी वर्ष समारोह आयोजित किया है. गृह मंत्री अमित शाह मुख्य अतिथि के तौर पर पहले दिन ही कार्यक्रम में शिरकत करेंगी. इसीलिए मुनिकीरेती और लक्ष्मण झूला क्षेत्र में पुलिस हाई अलर्ट पर है. देहरादून के बैराज पुल के पास भी पुलिस की सक्रियता है.
फिलहाल जो जानकारी मिली है, उसके अनुसार शाम को करीब तीन बजे केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह वेद निकेतन के हेलीपैड पर पहुंचेंगे. शाम साढ़े चार बजे तक उनका स्वर्गाश्रम में कार्यक्रम प्रस्तावित है. उसी दिन शाम को अमित शाह हरिद्वार में शांतिकुंज और पतंजलि योगपीठ भी जाएंगे.
बता दें कि मंत्री अमित शाह 21 जनवरी को ऋषिकेश के गीता भवन में आयोजित कार्यक्रम में शिरकत करेंगे. उसके बाद 22 जनवरी को हरिद्वार के पतंजलि योगपीठ में हॉस्पिटल का उद्घाटन करने के बाद उसी दिन हरिद्वार में शांतिकुंज की ओर से आयोजित किए जा रहे शताब्दी समारोह में भी शिरकत करेंगे.
केंद्रीय गृह मंत्री के कार्यक्रम से पहले कांग्रेस ने किया हंगामा: गृह मंत्री अमित शाह के कार्यक्रम से पहले कांग्रेस ने हरिद्वार बॉर्डर पर हंगामा भी किया. बताया जा रहा है कि उत्तराखंड महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष ज्योति रौतेला ने काशीपुर के किसान सुखवंत की आत्महत्या मामले और उत्तराखंड सरकार के कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या के पति गिरधारी लाल साहू के विवादित बयान पर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को ज्ञापन देने की बात ही थी. बीती रात ज्योति रौतेला हरिद्वार से देहरादून जा रही थी, तभी हरिद्वार बॉर्डर पर पुलिस ने उन्हें रोक लिया जिसके चलते पुलिस से उनकी तीखी नोकझोंक भी हुई थी. ज्योति रौतेला का आरोप है कि देश के गृहमंत्री अमित शाह हरिद्वार आने वाले हैं, उन्हें कांग्रेस सुखवंत की आत्महत्या मामले और कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या के पति गिरधारी लाल साहू को लेकर ज्ञापन देना चाहती थी, लेकिन पुलिस ने उन्हें बॉर्डर पर जबरन रोक लिया, जो बिल्कुल गलत है.






