*_अफगानिस्तान की राजधानी काबुल में हुआ जोरदार धमाका, कम से कम 7 लोगों की मौत…दर्जनों घायल_*
काबुल: अफगानिस्तान की राजधानी काबुल में सोमवार को शाहर-ए-नव इलाके में हुए धमाके में कम से कम सात लोग मारे गए. इस धमाके में कई सारे लोग घायल बताए जा रहे हैं.
खबर के मुताबिक, यह धमाका एक होटल में हुआ है. इस धमाके में एक अफगान सिक्योरिटी गार्ड के मारे जाने की खबर है और दो चीनी नागरिक गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं.
काबुल में एक अस्पताल चलाने वाले एक एनजीओ ने बताया कि धमाका सेंट्रल काबुल में हुआ, जिसमें सात लोग मारे गए और एक दर्जन से ज्यादा लोग घायल हो गए. समाचार एजेंसी एएफपी के एक पत्रकार ने कहा कि, यह धमाका शाहर-ए-नव इलाके में फूल बेचने वालों के लिए मशहूर एक गली में हुआ.
इटैलियन NGO इमरजेंसी ने कहा कि, ब्लास्ट के बाद इलाज के लिए अस्पताल लाए गए सात लोगों ने दम तोड़ दिया था. वहीं, 13 दूसरे लोगों को सर्जिकल डिपार्टमेंट में भर्ती कराया गया है. एनजीओ के कंट्री डायरेक्टर डेजान पैनिक ने एक बयान में कहा है कि, ब्लास्ट में घायलों में चार औरतें और एक बच्चा शामिल है.
एक फूलों की दुकान के मालिक ने सुरक्षा कारणों से नाम न बताने की शर्त पर कहा कि, ब्लास्ट दोपहर करीब 3:30 बजे (1100 GMT) उनके दुकान से गली के दूसरे छोर पर हुआ. उन्होंने एएफपी को बताया कि, भीड़भाड़ वाले इलाके में ब्लास्ट की तेज आवाज सुनी गई. इस धमाके के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई.
काबुल पुलिस के प्रवक्ता खालिद जदरान ने कहा कि धमाका “एक होटल में हुआ है. हालांकि, इसकी वजह नहीं बताई गई है. इस धमाके के बाद इलाके में कई रेस्टोरेंट को पुलिस अधिकारियों ने घेर लिया.
AFP के पत्रकार के मुताबिक उसने एक रेस्टोरेंट के बाहर एक पुलिस गाड़ी और एक ट्रक, और एक कार देखी जिसकी खिड़कियां टूटी हुई थीं. चीन की सरकारी न्यूज एजेंसी शिन्हुआ ने एक रेस्टोरेंट के कर्मचारी के हवाले से बताया कि धमाके में दो चीनी नागरिक गंभीर रूप से घायल हो गए. शिन्हुआ ने कहा कि एक अफगान सिक्योरिटी गार्ड की मौत हो गई और रेस्टोरेंट को बहुत नुकसान हुआ.







