*_यमुनानगर में तेज रफ्तार डंपर ने बाइक में मारी टक्कर, उत्तराखंड निवासी गर्भवती महिला सहित 3 की मौत_*

Spread the love

*_यमुनानगर में तेज रफ्तार डंपर ने बाइक में मारी टक्कर, उत्तराखंड निवासी गर्भवती महिला सहित 3 की मौत_*

यमुनानगरः हरियाणा के यमुनानगर में एक दर्दनाक सड़क हादसे में उत्तराखंड निवासी एक ही परिवार के 3 लोगों की मौत हो गई. यह हादसा पुराना सहारनपुर मार्ग पर पांसरा रेलवे क्रॉसिंग के पास हुआ, जहां एक तेज रफ्तार डंपर ने बाइक को टक्कर मार दी. इस हादसे में बाइक सवार दंपत्ति और उनके चार साल के बेटे की मौके पर ही मौत हो गई. हादसे की शिकार महिला 7 माह की गर्भवती थी. हादसे के बाद डंपर चालक मौके से फरार हो गया. पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है.

 

हरिद्वार घर जाने के दौरान हुआ हादसाः यमुनानगर के पुराना सहारनपुर रोड स्थित पांसरा रेलवे क्रॉसिंग के पास सोमवार को एक भीषण सड़क हादसा हुआ. जानकारी के मुताबिक उत्तराखंड के गांव झबरेड़ा, हरिद्वार निवासी सचिन उम्र 29 वर्ष, उनकी पत्नी नेहा उम्र 27 वर्ष और चार साल के बेटे नोनू के साथ बाइक पर सवार होकर अपने घर उत्तराखंड जा रहा थे. सचिन पिछले कुछ समय से यमुनानगर में चिट्टा मंदिर के पास किराए के मकान में रह रहा था और मीना मार्केट में कपड़े की दुकान में काम करता था.

 

तीनों सड़क पर गिर गए, अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने मृत घोषित कियाः जैसे ही परिवार पांसरा रेलवे क्रॉसिंग के पास पहुंचा, पीछे से आ रहे एक तेज रफ्तार डंपर ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि तीनों सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए. राहगीरों ने तुरंत एंबुलेंस की मदद से घायलों को अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने तीनों को मृत घोषित कर दिया.

 

सचिन की पत्नी थी गर्भवती थीः मृतक के भाई रोहित ने बताया कि “सड़क हादसे के बारे में कपड़ा दुकानदार ने जानकारी दी, जिसके पास मेरा छोटा भाई सचिन काम करता था. दुकानदार ने बताया कि सचिन गंभीर रूप से घायल हो गया है. आप जल्दी ट्रामा सेंटर चले जाइए. वहां पहुंचने पर पता चला कि सचिन, उनकी पत्नी नेहा और बेटे नोनू को एम्बुलेंस से लाया गया, जहां डॉक्टरों ने तीनों को मृत घोषित कर दिया. नेहा 7 माह की गर्भवती थी. सचिन की एक 6 साल की बेटी है.”

डंपर चालक के तलाश में जुटी पुलिसः पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी में रखवा दिया है और क्षतिग्रस्त बाइक को कब्जे में ले लिया है. हादसे की सूचना मिलते ही परिजन अस्पताल पहुंचे, जहां उनका रो-रोकर बुरा हाल है. बताया गया है कि सचिन की 6 वर्षीय बेटी उत्तराखंड में अपनी दादी के पास रहती है. फिलहाल पुलिस फरार डंपर चालक की तलाश में जुटी हुई है.

 

क्या बोले थाना प्रभारीः सदर थाना प्रभारी सलिंद्र कुमार ने बताया कि “हमें सूचना मिली थी कि पांसरा रेलवे क्रॉसिंग के पास डंपर की टक्कर से एक बाइक सवार परिवार हादसे का शिकार हो गया है. तीनों की मौत हो चुकी है. शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है. आरोपी डंपर चालक मौके से फरार है, उसकी तलाश की जा रही है.” लगातार बढ़ रहे सड़क हादसे एक बार फिर सवाल खड़े कर रहे हैं कि आखिर तेज रफ्तार वाहनों पर कब लगाम लगेगी. पुलिस फरार चालक को पकड़ने के प्रयास कर रही है.


Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *