*_’भारत की विकास गाथा अद्भुत’, ब्रिटिश PM स्टार्मर बोले, मोदी के नेतृत्व में ‘विकसित भारत’ का विजन पटरी पर_*
मुंबई: भारत दौरे पर आए ब्रिटेन के प्रधानमंत्री कीर स्टार्मर ने कहा कि, भारत की विकास की कहानी उल्लेखनीय है. उन्होंने कहा कि वह यह देखकर आश्वस्त हैं कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत 2047 तक विकसित भारत के विजन को प्राप्त करने की दिशा में राह पर है.
बता दें कि, स्टार्मर की भारत यात्रा दोनों देशों द्वारा एक ऐतिहासिक मुक्त व्यापार समझौते पर हस्ताक्षर करने के ढाई महीने बाद हुई है. प्रधानमंत्री कीर स्टार्मर ने कहा कि, भारत की आर्थिक राजधानी मुंबई में पीएम मोदी से उनकी मुलाकात महत्वपूर्ण है.
प्रधानमंत्री कीर स्टार्मर ने कहा, ‘विकसित भारत’ का विजन पटरी पर
उन्होंने कहा कि, भारत की विकास गाथा अद्भुत है. उन्होंने कहा पीएम मोदी का लक्ष्य 2028 तक दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनाना है, इसलिए वे मोदी को बधाई देना चाहते हैं. ब्रिटेन के प्रधानमंत्री के रूप में अपनी पहली भारत यात्रा पर आए स्टार्मर ने कहा कि, विकसित भारत का पीएम मोदी का दृष्टिकोण इसे 2047 तक पूरी तरह से विकसित देश बनाना है.
भारत सफलता की राह पर
उन्होंने कहा, “जब से मैं यहां आया हूं, मैंने जो कुछ भी देखा है, वह मेरे लिए इस बात का पूर्ण प्रमाण है कि आप इसमें सफलता की राह पर हैं और वे इस यात्रा में भागीदार बनना चाहते हैं. दोनों नेताओं ने मुंबई में एक द्विपक्षीय बैठक भी की और एक संयुक्त बयान जारी किया.
यूके-भारत व्यापक आर्थिक और व्यापार समझौते पर बोले ब्रिटिश पीएम
उन्होंने यूके-भारत व्यापक आर्थिक और व्यापार समझौते को भी एक सफलता का क्षण बताया. उन्होंने कहा कि, भारत और ब्रिटेन भविष्य पर केंद्रित एक नई आधुनिक साझेदारी बना रहा है और अवसरों का लाभ उठा रहे हैं. उन्होंने कहा, “यही कारण है कि हमने जुलाई में यूके-भारत व्यापक आर्थिक और व्यापार समझौता (सीईटीए) किया. उन्होंने इसे सफलता का क्षण बताया.
गाजा संघर्षों को समाप्त करने के भारत के प्रयासों का भी जिक्र किया
उन्होंने कहा कि, सालों की मेहनत, टैरिफ में कटौती, विकास को गति देने और हमारे लोगों के लिए रोजगार सृजित करने और हमारे दोनों देशों में जीवन को बेहतर बनाने के लिए एक-दूसरे के बाजारों तक पहुंच बढ़ाना है. उन्होंने यूक्रेन और गाजा संघर्षों को समाप्त करने के भारत के प्रयासों का भी जिक्र किया. उन्होंने कहा कि भारत-ब्रिटेन संबंध वैश्विक स्थिरता के एक प्रमुख समर्थक के रूप में काम कर रहे हैं. उन्होंने यहा भी कहा कि, वैश्विक अनिश्चितता के वर्तमान युग में, भारत और ब्रिटेन के बीच साझेदारी वैश्विक स्थिरता और आर्थिक प्रगति के एक महत्वपूर्ण स्तंभ के रूप में काम करती रहेगी.
पश्चिम एशिया में शांति और स्थिरता पर दोनों नेताओं ने विचार साझा किए
ब्रिटिश पीएम ने कहा, “हमने हिंद-प्रशांत और पश्चिम एशिया में शांति और स्थिरता के साथ-साथ यूक्रेन में चल रहे संघर्ष पर विचार साझा किए. यूक्रेन संघर्ष और गाजा मुद्दे पर, भारत बातचीत और कूटनीति के माध्यम से शांति बहाल करने के सभी प्रयासों का समर्थन करता है. हम हिंद-प्रशांत क्षेत्र में समुद्री सुरक्षा सहयोग बढ़ाने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध हैं.”
मुंबई के राजभवन में ब्रिटेन के प्रधानमंत्री कीर स्टार्मर का स्वागत
बता दें कि, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मुंबई के राजभवन में ब्रिटेन के प्रधानमंत्री कीर स्टार्मर का स्वागत किया. बुधवार को, स्टार्मर ने मुंबई में कई व्यापक बातचीत कीं. उन्होंने व्यापारिक नेताओं से मुलाकात की और भारत-ब्रिटेन व्यापार साझेदारी को वास्तव में महत्वपूर्ण बताया.
एक आधिकारिक बयान में कहा गया है कि ब्रिटिश प्रधानमंत्री की यह यात्रा जुलाई में प्रधानमंत्री मोदी की ब्रिटेन यात्रा के बाद हो रही है, जहां व्यापार समझौते पर हस्ताक्षर हुए थे और लगभग 6 अरब पाउंड के नए निवेश और निर्यात की पुष्टि हुई थी






