*दुर्गा पूजा पंडालों में उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़, विधायक शिव अरोरा ने मां दुर्गा का लिया आशीर्वाद*
*ट्रांजिट कैंप, रविंद्रनगर, रमपुरा और पिपलिया नंबर-1 में पूजा महोत्सव में हुए शामिल, प्रतिभाशाली बच्चों को किया सम्मानित*
रुद्रपुर। शारदीय नवरात्रि के अवसर पर रुद्रपुर में मां दुर्गा की आराधना और दुर्गा पूजा महोत्सव की धूम मची हुई है। शहर के विभिन्न क्षेत्रों में सजे भव्य दुर्गा पूजा पंडालों में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ रही है। मां दुर्गा की आकर्षक प्रतिमाएं, मनमोहक सजावट और पारंपरिक धार्मिक अनुष्ठान लोगों के आकर्षण का केंद्र बने हुए हैं। इसी क्रम में विधायक शिव अरोरा ने ट्रांजिट कैंप, रविंद्रनगर, रमपुरा और पिपलिया नंबर-1 में आयोजित श्री श्री सार्वजनिक दुर्गा पूजा महोत्सव में पहुंचकर मां दुर्गा की पूजा-अर्चना की और क्षेत्रवासियों के सुख, शांति एवं समृद्धि की कामना की।
विभिन्न पूजा पंडालों में पहुंचने पर आयोजकों और श्रद्धालुओं ने विधायक का स्वागत किया। इस दौरान उन्होंने धार्मिक अनुष्ठानों में भाग लेने के साथ ही सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आनंद लिया। विभिन्न प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले बच्चों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया और उनका उत्साहवर्धन किया। उन्होंने बच्चों की प्रतिभा की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन नई पीढ़ी को अपनी संस्कृति, परंपराओं और धार्मिक मूल्यों से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
विधायक शिव अरोरा ने कहा कि नवरात्रि शक्ति, श्रद्धा और भक्ति का पर्व है। मां दुर्गा की आराधना हमें अधर्म पर धर्म और बुराई पर अच्छाई की विजय का संदेश देती है। रुद्रपुर में सजाए गए दुर्गा पूजा पंडालों में बंगाली समाज की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और धार्मिक परंपराओं की सुंदर झलक देखने को मिल रही है। भव्य पंडाल, आकर्षक प्रतिमाएं और श्रद्धालुओं का उत्साह पर्व की रौनक बढ़ा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि दुर्गा पूजा केवल धार्मिक आयोजन तक सीमित नहीं है, बल्कि यह सामाजिक एकता, आपसी सद्भाव और सांस्कृतिक विरासत को सहेजने का भी माध्यम है। ऐसे आयोजनों में विभिन्न समाजों की सहभागिता सामाजिक समरसता को मजबूत करती है। उन्होंने मां दुर्गा से सभी क्षेत्रवासियों के सुख, शांति, समृद्धि और उत्तम स्वास्थ्य की कामना की।
इस दौरान पूर्व पालिका अध्यक्ष मीना शर्मा, अनिल शर्मा, दिलीप अधिकारी, तरुण दत्ता, शंकर विश्वास, विधान राय, बॉबी दास, पार्षद विष्णु, सुनील यादव, सुनील सिंह, डंपी चोपड़ा, विपुल गाइन, संजय हलदार, नंदू बर्मन, जगदीश विश्वास, ओमियो विश्वास, विजय डे, चौखेलाल गंगवार, वीरेंद्र तिवारी, नंदलाल और मनीष ग्रोवर सहित अनेक श्रद्धालु, सामाजिक कार्यकर्ता एवं स्थानीय लोग मौजूद रहे।


