*_दिल्ली में ड्रग रैकेट का भंडाफोड़, 50 करोड़ के माल सहित 7 गिरफ्तार; पांच राज्यों में नेटवर्क_*
नई दिल्ली: दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच की एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दिल्ली, उत्तर प्रदेश, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड और हरियाणा तक फैले एक संगठित अंतरराज्यीय ड्रग नेटवर्क का भंडाफोड़ किया है. इस कार्रवाई में कुल सात आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है और करीब 48 किलोग्राम ट्रामाडोल, अल्प्राजोलम सहित अन्य मनोदैहिक पदार्थ बरामद किए गए हैं, जिनकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत 50 करोड़ रुपये से अधिक आंकी जा रही है.
इस संबंध में क्राइम ब्रांच की तरफ से एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है. जांच में सामने आया है कि यह नेटवर्क स्थानीय सप्लायर से लेकर अंतरराज्यीय तस्करों तक एक सुनियोजित सप्लाई चेन के तहत काम कर रहा था. डीसीपी एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स संजीव कुमार यादव ने कहा कि यह कार्रवाई दिल्ली को नशामुक्त बनाने की दिशा में एक अहम कदम है. उन्होंने कहा, “इस पूरे नेटवर्क को तोड़ने के लिए हमारी टीम ने लगातार तकनीकी और मानवीय खुफिया जानकारी के आधार पर कई राज्यों में छापेमारी की. यह कार्रवाई न सिर्फ बड़े पैमाने पर नशीले पदार्थों की आपूर्ति को रोकने में सफल रही है, बल्कि संगठित ड्रग सिंडिकेट को भी करारा झटका दिया गया है.
पुलिस के मुताबिक, सितंबर 2025 में मिली गुप्त सूचना के आधार पर जांच शुरू की गई थी. शुरुआती कार्रवाई में लाजपत नगर से अनिरुद्ध नामक आरोपी को गिरफ्तार कर करीब दो किलो ट्रामाडोल बरामद किया गया। इसके बाद जांच आगे बढ़ी और एक-एक कर नेटवर्क से जुड़े अन्य आरोपियों को दिल्ली, यूपी, हरियाणा, हिमाचल और उत्तराखंड से दबोचा गया. अलग-अलग छापेमारियों के दौरान बड़ी मात्रा में नशीले पाउडर और दवाएं बरामद की गईं.
डीसीपी संजीव कुमार यादव ने बताया कि आरोपी कच्चे माल के रूप में इस्तेमाल होने वाले पाउडर को अवैध तरीके से जुटाकर बिना डॉक्टर की पर्ची के नशीली दवाओं के रूप में बेचते थे. फिलहाल पुलिस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुटी है और जांच जारी है.
कुख्यात ज्वेलरी चोर गिरफ्तार
दिल्ली पुलिस क्राइम ब्रांच ने अंतरराज्यीय स्तर पर सक्रिय कुख्यात ज्वेलरी चोर लोकेश श्रीवास उर्फ गोलू को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है.आरोपी दिल्ली समेत कई राज्यों में दर्ज करीब 25 आपराधिक मामलों में वांछित है और वर्ष 2023 में हजरत निजामुद्दीन थाना क्षेत्र में हुई करीब 25 करोड़ रुपये की ज्वेलरी चोरी का मुख्य आरोपी रहा है.
डीसीपी क्राइम ब्रांच हर्ष इंदोरा के अनुसार, क्राइम ब्रांच लगातार ऐसे अपराधियों पर नजर रखे हुए है जो देश के अलग-अलग हिस्सों में वारदात करने के बाद दिल्ली में छिप जाते हैं. इसी क्रम में क्राइम ब्रांच को हेड कांस्टेबल हरदीप के माध्यम से गुप्त सूचना मिली कि कुख्यात ज्वेलरी चोर लोकेश श्रीवास हाल ही में छत्तीसगढ़ के रायपुर शहर में बड़ी चोरी की वारदात को अंजाम देने के बाद दिल्ली में छिपा हुआ है. इसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया.






