- *_गणतंत्र दिवस से पहले बड़ी साजिश नाकाम, हिमांशु भाऊ गैंग के दो शूटर मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार_*
नई दिल्ली: दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच ने हिमांशु उर्फ भाऊ गैंग से जुड़े दो कुख्यात अपराधियों को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया है. ज्वाइंट कमिश्नर ऑफ पुलिस (क्राइम ब्रांच) सुरेंद्र सिंह जाखड़ के अनुसार, पकड़े गए आरोपियों में विक्की उर्फ मोगली और चंदर भान शामिल है. विक्की उर्फ मोगली हरियाणा पुलिस का वांछित बदमाश था, जिस पर पांच हजार रुपये का इनाम घोषित था.
ज्वाइंट सीपी सुरेंद्र सिंह जाखड़ के मुताबिक, क्राइम ब्रांच को 22 जनवरी को गुप्त सूचना मिली थी कि हिमांशु भाऊ गैंग के सक्रिय सदस्य गणतंत्र दिवस से पहले दिल्ली में किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की फिराक में हैं. इस इनपुट पर एक विशेष टीम का गठन किया गया. 22 और 23 जनवरी की दरम्यानी रात करीब एक बजे टीम ने बाबा हरिदास नगर थाना क्षेत्र में यूईआर-2 फ्लाईओवर के पास एक संदिग्ध हुंडई आई-20 कार को रोका गया. हालांकि, पुलिस को देखते ही कार सवार विक्की उर्फ मोगली और चंदर भान ने भागने की कोशिश की और पुलिस पर फायरिंग कर दी.
ज्वाइंट सीपी सुरेंद्र सिंह जाखड़ के मुताबिक, विक्की ने दो राउंड फायर किए, जिसमें एक गोली हेड कांस्टेबल संदीप की बुलेटप्रूफ जैकेट पर लगी. वहीं, जवाबी कार्रवाई में विक्की के पैर में गोली लगी, जिसके बाद दोनों आरोपियों को काबू कर लिया गया. घायल आरोपी को तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया.
जांच में सामने आया कि विक्की उर्फ मोगली हिमांशु भाऊ गैंग के लिए हथियार सप्लाई करता था और रोहतक व मेहम के दोहरे हत्याकांड समेत कई गंभीर मामलों में वांछित था. उसके खिलाफ हत्या, हत्या के प्रयास, आर्म्स एक्ट और पॉक्सो एक्ट समेत कई मुकदमे दर्ज हैं. चंदर भान भी लंबे समय से उसके साथ रहकर आपराधिक गतिविधियों में शामिल था. आरोपियों के कब्जे से एक पिस्टल, देसी कट्टा, जिंदा कारतूस और वारदात में इस्तेमाल कार बरामद की गई है.
ज्वाइंट कमिश्नर ऑफ पुलिस (क्राइम ब्रांच) के मुताबिक, हिमांशु भाऊ गैंग विदेश से ऑपरेट होकर कारोबारियों से रंगदारी वसूलने और दिल्ली-एनसीआर में दहशत फैलाने का काम करता है. बता दें कि पुलिस द्वारा इस गिरफ्तारी को गैंग के नेटवर्क पर बड़ा प्रहार माना जा रहा है. फिलहाल, पुलिस अन्य आपराधिक कड़ियों की जांच कर रही है. एफएसएल व क्राइम टीम ने मौके का निरीक्षण किया है.






